
टीम नईदुनिया, इंदौर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को धार और इंदौर जिले की चुनावी सभाओं में कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में तीन परिवार हैं। पहला कमल नाथ का, दूसरा बंटाधार दिग्विजय का, तीसरा राहुल और सोनिया का गांधी परिवार है। हमारे यहां कहा जाता है कि तीन तिगाड़ा, काम बिगाड़ा। यहां आदेश गांधी परिवार का चलता है, निर्देश कमल नाथ का चलता है और गलती होने पर चांटा दिग्विजय सिंह को लगा देते हैं। ये कपड़ा फाड़ राजनीति करने वाले मध्य प्रदेश का भला नहीं कर सकते।
कांग्रेस ने राम मंदिर को अटकाया
अमित शाह ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा राम मंदिर को अटकाने और लटकाने का काम किया। मैं जब भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष था, तब राहुल बाबा पूछते थे कि मंदिर बनाएंगे लेकिन तिथि नहीं बताएंगे। राहुल बाबा आप दर्शन करने तो नहीं जाओगे लेकिन तिथि मैं आज बताता हूं। 22 जनवरी, 2024 को रामलला अपने भव्य मंदिर में विराजित होने जा रहे हैं।
एकाधिक सभाओं को किया संबोधित
अमित शाह ने धार जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों मनावर, गंधवानी के अवल्दामान, बदनावर व धार के साथ ही इंदौर जिले के बेटमा में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। धार में अमित शाह ने कमल नाथ को भी घेरा। उन्होंने कहा कि कमल नाथ ने अपने डेढ़ साल के कार्यकाल में जो घोटाले किए हैं, उसकी सूची यदि पढ़ने लगूं तो सात दिन की भागवत कथा जैसा समय भी कम पड़ जाएगा। डेढ़ साल में कमीशनखोरी का उद्योग स्थापित किया। ट्रांसफर इंडस्ट्री लगाने का काम किया। अपने बेटे-दामादों के कल्याण का उद्योग स्थापित किया।
परिवारवाद पर साधा निशाना
अमित शाह ने कांग्रेस के परिवारवाद पर भी निशाना साधा। मनावर में कहा कमल नाथ के मन में बेटे नकुल नाथ को मुख्यमंत्री, सोनिया गांधी के मन में बेटे राहुल को प्रधानमंत्री बनाने की बात है। अपने बेटे के लिए काम करने वाले देश का क्या भला करेंगे।
तीन दीपावली मनानी है
शाह ने कहा कि इस बार मध्य प्रदेश के लोगों को तीन दीपावली मनानी है। एक दीपावली 12 नवंबर को, दूसरी तीन दिसंबर को भाजपा सरकार बनने पर और तीसरी दीपावली 22 जनवरी को अयोध्या में रामलला के मंदिर में विराजित होने पर मनानी है।
फिर बनानी होगी मोदीजी की सरकार
उन्होंने कहा कि देश को सुरक्षित करना है तो हमें मोदीजी की सरकार फिर बनानी होगी। दिग्विजय सिंह का शासन याद दिलाया अमित शाह ने दिग्विजय सिंह के शासनकाल की याद भी दिलाई और कहा कि बंटाधार के शासन में सड़कें इतनी खराब थी कि उज्जैन बाबा महाकाल दर्शन करने आता था तो झाबुआ जिले में प्रवेश करते ही गाड़ी गड्ढे में गिरती और नींद खुल जाती थी। झाबुआ से उज्जैन तक पता नहीं चलता था कि सड़क पर गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क। उस समय इसी बंटाधार और कमल नाथ की जोड़ी ने मध्य प्रदेश को अंधेरे में रखा।