
MP Election 2023: राज्य ब्यूरो, भोपाल। मप्र विधानसभा चुनाव में भाजपा अपनी तैयारी मजबूत करने के लिए नित नए प्रयोग कर रही है और जमीनी स्तर पर इसका असर भी दिखने लगा है। इसी दिशा में अब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के फार्मूले पर मध्य प्रदेश के 12 हजार केंद्रों पर भाजपा शक्ति सम्मेलन करेगी।
17, 18 और 19 अक्टूबर को शक्ति सम्मेलन
नवरात्र में तीन दिन 17, 18 और 19 अक्टूबर को आयोजित शक्ति सम्मेलन एक से डेढ़ घंटे का चलेगा। सम्मेलन के बाद शक्ति केंद्रों के बूथों की बूथ समिति और पन्ना प्रमुखों की बैठक की जाएगी। 17 अक्टूबर को 12 बजे सभी मंडलों में सम्मेलन की शुरूआत प्रदेश में एक साथ होगी, सम्मेलन में कार्यकर्ता बूथ विजय प्रतिज्ञा भी लेंगे।
इसमें बूथ विजय प्रतिज्ञा लेते हुए फोटो इंटरनेट मीडिया पर भी अपलोड की जाएगी। शक्ति केंद्र में निवास करने वाले सभी जनप्रतिनिधि, हारे-जीते सरपंच, पार्षद, वर्तमान एवं पूर्व जनपद, जिला पंचायत सदस्य, वर्तमान व पूर्व तथा इससे ऊपर के जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति आवश्यक रूप से रहेगी। शक्ति केंद्र टोलियां भी बनाई जाएगी।
चुनाव संबंधी कार्ययोजना पर होगा फोकस
सम्मेलन में पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनाव संबंधी प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनमें शक्ति केंद्र की टोली और बूथ अध्यक्ष, महामंत्री व बीएलए के पहचान पत्र का वितरण। सभी प्रकार की सूचियों का वितरण जिनमें मतदाता सूची, लाभार्थी सूची, 80 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं की सूची, नवमतदाता, दिव्यांग और अन्य मतदाताओं की सूची पर काम होगा। इस कार्य के लिए प्रमुख और सह प्रमुख भी बनाए जाएंगे। चुनाव की दृष्टि से कोई सुझाव अथवा फीडबैक लिया जाता है तो उसे विधानसभा संयोजक के माध्यम से जिला और प्रदेश स्तर पर पहुंचाया जाएगा। हर बूथ का एक वाट्सएप ग्रुप होगा।