नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी एनसीपी देश की प्रमुख राष्ट्रीय पार्टियों में एक है। सोनिया गांधी की राष्ट्रीयता और नेतृत्व के मुद्दे पर कांग्रेस से निष्कासित होने के बाद 25 मई 1999 को शरद पवार, पीए संगमा और तारिक अनवर ने इसकी स्थापना की थी। कांग्रेस से अलग होने के बावजूद एनसीपी ने राज्य और राष्ट्रीय दोनों स्तरों पर सरकार बनाने में उससे सहयोग लिया और उसे सहयोग दिया। हालांकि इसके संस्थापकों में एक पीए संगमा ने राष्ट्रपति चुनाव लड़ने के मुद्दे पर 20 जून 2012 को एनसीपी छोड़ दी थी। शरद पवार इसके वर्तमान अध्यक्ष हैं और उनकी बेटी सुप्रिया सूले लोकसभा में पार्टी की नेता हैं। पवार खुद राज्यसभा के सदस्य हैं। लोकसभा में पार्टी के चार सदस्य हैं। एनसीपी का प्रभाव क्षेत्र मुख्य रूप से महाराष्ट्र है।