
मनोरंजन डेस्क। साउथ फिल्म इंडस्ट्री के म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की CEO काव्या मारन की शादी फाइनल हो गई है। तेलंगाना CMO ने इस बात को कंफर्म किया है। एक्स हैंडल पर CMO ने बताया कि दोनों का रिसेप्शन 21 नवंबर को चेन्नई में है। हालांकि, अब तक परिवार या अनिरुद्ध-काव्या की तरफ से कोई ऑफिशियल कंफर्मेशन सामने नहीं आई है।
शुक्रवार को एक्स हैडल पर तेलंगाना CMO ने लिखा- सन ग्रुप के चेयरमैन श्री कलानिधि मारन और उनकी पत्नी श्रीमती कावेरी मारन ने जुबली हिल्स स्थित उनके आवास पर माननीय मुख्यमंत्री श्री ए. रेवंत रेड्डी से मुलाकात की और उन्हें अपनी बेटी काव्या मारन के शादी के रिसेप्शन में इनवाइट किया काव्या मारन और अनिरुद्ध रविचंदर के शादी का रिसेप्शन 21 नवंबर को चेन्नई में आयोजित किया जाएगा।
यह पहली बार नहीं है कि काव्या और अनिरुद्ध के शादी की चर्चाएं हुई हैं। इससे पहले भी जून में शादी की खबरें सामने आई थीं।
अनिरुद्ध और काव्या के रिश्ते को लेकर कई सालों से अफवाहें चल रही हैं। लास वेगास में एक डिनर के दौरान दोनों को एक साथ देखे जाने के बाद ये अटकलें और तेज हो गईं। न तो अनिरुद्ध और न ही काव्या ने कभी पब्लिकली इस बारे में बात की है।
जून 2025 में, रेडिट (Reddit) पर एक पोस्ट में दावा किया गया कि वे एक साल से ज्यादा समय से डेट कर रहे हैं और शादी करने का प्लान बना रहे हैं। पोस्ट में यह भी कहा गया कि रजनीकांत - जो अनिरुद्ध के पिता के परिवार की तरफ से उनसे रिश्तेदार लगते हैं - ने इस बारे में बात करने के लिए कलानिधि मारन से मुलाकात की थी। हालांकि, अनिरुद्ध ने एक्स हैंडल के जरिए इन बातों को खारिज किया था।
काव्या भारत के सबसे बड़े मीडिया और बिजनेस फैमिलीज में से एक मारन परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता कलानिधि मारन सन ग्रुप के चेयरमैन और फाउंडर हैं। काव्या फिलहाल सन TV नेटवर्क लिमिटेड में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और IPL टीम सनराइजर्स हैदराबाद की CEO और को-ओनर हैं।
अनिरुद्ध रविचंदर साउथ सिनेमा के सबसे फेमस और सबसे ज्यादा फीस लेने वाले म्यूजिक कंपोजर्स में गिने जाते हैं। उनका जन्म चेन्नई में हुआ था। उन्होंने लोयोला कॉलेज, चेन्नई से अपनी पढ़ाई पूरी की। इसके अलावा अनिरुद्ध ने ट्रिनिटी कॉलेज ऑफ म्यूजिक से पियानो सीखा। अनिरुद्ध ने साउंड इंजीनियरिंग में डिप्लोमा भी किया हुआ है।
यह भी पढ़ें- 'मैं तो शर्मिंदा हो गई...', Vidya Balan ने शेयर किए सुपरस्टार रजनीकांत से मुलाकात के मजेदार किस्से