
मनोरंजन डेस्क। भजन सिंगर अनूप जलोटा ने कहा कि सलमान खान को विश्नोई समाज से माफी मांग लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जो भी चीजें बॉलीवुड में चल रही है, उन्हें खत्म करने के लिए सलमान को यह करना जरूरी है।
IANS को दिए हालिया इंटरव्यू में अनूप जलोटा से टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग के बारे में पूछा गया। इस पर सिंगर ने कहा- मैं इससे बहुत दुखी हूं। इस सबको रोकने का बस एक ही तरीका है। सलमान खान को बिश्नोई समाज से माफी मांगनी चाहिए। मैंने यह बात पहले भी कही है। यह बहुत जरूरी है कि बिश्नोई समाज, जिसे ठेस पहुंची है, उससे माफी मांगी जाए; वरना बिश्नोई समाज को आगे भी दुख पहुंचता रहेगा। जो लोग सलमान खान के साथ काम करते हैं, उन्हें भी दुख पहुंचेगा और उनके परिवारों को भी तकलीफ होगी।
जलोटा ने आगे कहा- तो, क्यों न इस सब को खत्म करने के लिए बिश्नोई समुदाय से माफी मांगने का पक्का फैसला ले लिया जाए? मैं यही चाहता हूं।
रविवार (18 अक्टूबर) शाम फायरिंग हुई। हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग ने ली। मुंबई के जुहू इलाके में मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों ने फायरिंग की। हालांकि, एक्टर को किसी भी तरह की कोई चोट नहीं आई है।
इस मामले में मुंबई पुलिस का कहना है- श्रॉफ की कार पर उस वक्त तीन से चार राउंड गोलियां चलाई गईं, जब वह अपने गाड़ी में सवार होकर निकल रहे थे। उन्हें देखने के लिए वहां लोगों की भारी भीड़ जमा थी। भीड़ के बीच से ही उनकी कार पर कई राउंड फायरिंग की गई। इस हमले में टाइगर श्रॉफ को कोई गोली नहीं लगी है और वे सुरक्षित हैं। CCTV के आधार पर जांच की जा रही है।
हालांकि अब इस मामले के तीन आरोपियों को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार कर लिया गया है। तीनों को आज कोटा से मुंबई वािस लाया गया। उनमें से एक नाबालिग भी है।
दरअसल, 1998 में फिल्म ‘हम साथ-साथ हैं’ की शूटिंग के दौरान जोधपुर के पास कांकाणी गांव में दो काले हिरण के शिकार का मामला सामने आया था। इस मामले में सलमान खान के साथ उनके को-एक्टर्स सैफ अली खान, तब्बू, नीलम और सोनाली बेंद्रे पर भी मुकदमा चला। 2018 में निचली अदालत ने सलमान खान को दोषी ठहराते हुए 5 साल की सजा सुनाई, जबकि बाकी सभी कलाकारों को बरी कर दिया गया। अभी भी यह मामला कोर्ट में विचाराधीन है। इसी के चलते सलमान समय-समय पर कोर्ट में पेश होते रहते हैं।
इसी घटना के बाद से सलमान, गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके गैंग के निशाने पर हैं। बिश्नोई समाज में काले हिरण को बहुत पवित्र माना जाता है। लॉरेंस बिश्नोई का कहना है कि सलमान को इस अपराध के लिए माफी मांग लेना चाहिए। अगर वो ऐसा नहीं करते हैं, तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा।
लॉरेंस गैंग ने कई बार सलमान पर हमले की कोशिश की है। 2024 में मुंबई स्थित उनके घर के बाहर फायरिंग हुई थी। उस वक्त वो घर में ही थे। लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई। लॉरेंस गैंग का कहना है कि जो कोई भी सलमान के साथ काम करेगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। इसी कड़ी में रियलिटी शोज में एक्टर के साथ स्टेज शेयर करने की वजह से कपिल शर्मा और पवन सिंह को भी धमकी मिली थी।