
मनोरंजन डेस्क। रविवार शाम एक्टर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग हुई थी। लॉरेंग गैंग ने इसकी जिम्मेदारी ली है। हालांकि, इंडियन फिल्म इंडस्ट्री में अंडरवर्ल्ड और गैंग कल्चर हमेशा से चला आ रहा है। कई सेलेब्स अंडरवर्ल्ड और लॉरेंग गैंग के निशाने पर थे और हैं।
इनमें एक नाम टी सीरीज के फाउंडर गुलशन कुमार का भी था। उनकी स्टोरी बहुत दर्दनाक है। अंडरवर्ल्ड से आपसी मतभेद की वजह से उनकी गोली माक कर हत्या कर दी गई थी। लेकिन, हमले की खबर मुंबई पुलिस को पहले से थी। आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं-
टी-सीरीज के फाउंडर गुलशन कुमार की 1997 में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। लेकिन इस हमले के कुछ महीनों पहले ही उस वक्त मुंबई के DGP रहे राकेश मारिया को इसकी जानकारी मिल चुकी थी। इस बात का खुलासा खुद राकेश मारिया ने हालिया इंटरव्यू में किया।
राज शमानी के पॉडकास्ट में राकेश मारिया ने कहा था- क्राइम ब्रांच में रहते हुए मेरे पास मजबूत नेटवर्क था। 22 अप्रैल 1996 की रात मुझे एक कॉल आया। उस समय मोबाइल नहीं होते थे। टेलीफोन था। मेरे मुखबिर ने कहा- सर, गुलशन कुमार का विकेट गिरने वाला है। अबू सलेम इस पूरी साजिश के पीछे है। जैसे ही गुलशन रोज की तरह मंदिर जाएंगे, उन्हें गोली मार दी जाएगी।
आगे कहा- यह सुन कर मैं रात भर सो नहीं पाया। फिर पत्नी ने कहा कि यह बात किसी को बताइए। तो मैंने फिर तुरंत एक्शन लेने का फैसला किया। सुबह करीब 6:30 बजे मैंने फिल्ममेकर महेश भट्ट को फोन किया। मैंने उनसे कहा कि आप गुलशन कुमार को घर से बाहर मत निकलने देना। मैंने यह भी पूछा कि अगर गुलशन कुमार शिव मंदिर जाते हैं, तो हम सुरक्षा दे देंगे। इसके बाद गुलशन कुमार को सुरक्षा दी भी गई। लेकिन 1997 में जब हत्या की खबर आई तो मैं सन्न रह गया।’
दरअसल, 12 अगस्त 1997 को मुंबई के जिटेश्वर महादेव मंदिर के बाहर गुलशन कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गैंगस्टर अब्दुल रऊफ उर्फ दाऊद मर्चेंट इस हत्या में दोषी पाया गया था।
मारिया ने बताया- जांच के दौरान पता चला कि हत्या वाले दिन गुलशन कुमार को प्रोटेक्शन देने वाली मुंबई पुलिस की टीम की ड्यूटी दूसरी जगह कर दी गई थी। बदले में सिंगर की सुरक्षा में यूपी पुलिस की एक टीम तैनात की गई। वहीं, वो त्योहार का समय था। ऐसे में गुलशन कुमार के कुछ पर्सनल बॉडीगार्ड्स भी छुट्टी पर थे। फिर अचानक वही हुआ जिसका डर था। एक कार आई और उनकी हत्या कर दी गई।
जांच में पता चला था कि दाऊद इब्राहिम की डी-कंपनी ने पहले से गुलशन कुमार को मारने की प्लानिंग कर रखी थी। दरअसल, अंडरवर्ल्ड ने उनसे 10 करोड़ की फिरौती की मांग की थी। लेकिन गुलशन कुमार ने इसे देने से मना कर दिया था। उन्हें बहुत धमकियां भी मिली थीं, लेकिन उन्होंने अपना फैसला नहीं बदला। नतीजतन, उनकी हत्या कर दी गई।
यह भी पढ़ें- टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग: ड्राइवर घायल; लॉरेंस गैंग ने ली जिम्मेदारी, कहा- जो सलमान के साथ काम करेगा...