
नईदुनिया न्यूज, नलखेड़ा। मां बगलामुखी मंदिर में प्रतिबंध के बावजूद फिल्म अभिनेता विवेक ओबेराय को गर्भगृह में प्रवेश और पूजन कराया। इससे आम श्रद्धालुओं में आक्रोश है। श्रद्धालुओं का कहना है कि मां का दरबार सभी के लिए समान है। जब सुबह दस बजे के बाद किसी को भी गर्भगृह में प्रवेश पर प्रतिबंध है तो फिर फिल्म अभिनेता विवेक ओबेराय और उनके साथियों के लिए नियम क्यों टूटे और इसके लिए कौन जिम्मेदार है। श्रद्धालुओं ने मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
उल्लेखनीय है कि मंदिर में प्रतिदिन देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और हवन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। गर्भगृह में प्रवेश पर प्रतिबंध के चलते आम श्रद्धालु बाहर से ही दर्शन कर लौटते हैं।
श्रद्धालु मंदिर की व्यवस्थाओं और नियमों का पालन कर रहे हैं। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि जब गर्भगृह में प्रवेश सभी के लिए प्रतिबंधित है, तो चुनिंदा लोगों को इसकी अनुमति कैसे दी गई।
घटनाक्रम से मंदिर प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे हैं। श्रद्धालुओं के बीच चर्चा है कि क्या दर्शन के नियम सभी के लिए समान हैं या वीवीआईपी पहचान के आधार पर उनमें बदलाव होता है।
VIDEO | Madhya Pradesh: Actor Vivek Anand Oberoi and motivational speaker Vivek Bindra visited the Maa Baglamukhi Temple in Nalkheda, Agar Malwa district on Wednesday. (Full video available on PTI Videos - https://t.co/d8jp61yd2p) https://t.co/cixkBfLsfB
— Press Trust of India (@PTI_News) November 25, 2026
मां बगलामुखी मंदिर नलखेड़ा सहित देशभर के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां आने वाला हर श्रद्धालु मां के दर्शन की अभिलाषा लेकर पहुंचता है। ऐसे में दर्शन व्यवस्था में समानता और पारदर्शिता बनाए रखना मंदिर प्रबंधन की जिम्मेदारी है। सुरक्षा, परंपरा या अन्य कारणों से गर्भगृह में प्रवेश प्रतिबंधित है, तो नियम सभी पर समान रूप से लागू होने चाहिए। विशेष परिस्थितियों में किसी को अनुमति दी जाती है, तो उसका आधार और नियम भी स्पष्ट होने चाहिए।
.jpg)
मंदिर में नियम तार-तार होने को लेकर जब प्रभारी एसडीएम व अन्य अधिकारियों से चर्चा की गई तो उन्होंने प्रतिबंध के बावजूद मंदिर के गर्भगृह से फिल्म अभिनेता के दर्शन करने की जानकारी होने से ही इंकार कर दिया। अधिकारियों का यह रवैया भी चौंकाने वाला है। आखिर मंदिर की व्यवस्था संभालने वाले अधिकारियों को इतने गंभीर मामले की जानकारी नही होना बड़ी सुस्ती और लापरवाही है।
उल्लेखनीय है कि अव्यवस्था और लापरवाही के कारण ही कुछ माह पहले मंदिर के मुख्य द्वार के सामने बिना रैलिंग की पुलिया से कार पानी में वह गई थी। जिससे आठ लोगों की मौत हो गई थी। बावजूद यहां के जिम्मेदारों की सुस्ती टूटने का नाम नही ले रही है।
उन्हें यह ही पता नही है कि प्रतिबंध के बावजूद मंदिर के गर्भगृह में लोग प्रवेश कर रहे है। खास बात यह भी है कि फिल्म अभिनेता के गर्भगृह में प्रवेश संबंधि फोटो वीडियो इंटरनेट पर बहुप्रसारित हो गए हैं। जो चर्चा का विषय बने हुए हैं। बावजूद अधिकारी मामले की जानकारी नही होने का बहाना बनाकर का कार्रवाई करने से बचना चाह रहे हैं।
बॉलीवुड एक्टर विवेक ओबेरॉय और भारतीय क्रिकेट स्टार्स ने किया उज्जैन में महाकाल दर्शन

मैं तो मंदिर तक लाया था
मैं उन्हें प्रोटोकाल के साथ मां बगलामुखी मंदिर तक लेकर आया था। उसके बाद कर्मचारियों ने कहां से दर्शन कराए, इसकी जानकारी मुझे नहीं है।
- चंद्रशेखर परमार, नायब तहसीलदार
हमें जानकारी ही नही
मंदिर के गर्भगृह में प्रतिबंध के बावजूद फिल्म अभिनेता या अन्य किसी के प्रवेश करने संबंधी जानकारी नही है। अगर ऐसा हुआ है तो जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई करेंगे।
-अर्पिता राय, अध्यक्ष मंदिर प्रबंध समिति एवं प्रभारी एसडीएम