
मनोरंजन डेस्क। बॉलीवुड में किसी फिल्म की कहानी जितनी दिलचस्प होती है, कई बार उसकी कास्टिंग के पीछे का किस्सा उससे भी ज्यादा मजेदार निकलता है। कौन हीरो बनेगा, किसे ज्यादा स्क्रीन टाइम मिलेगा और किसके हिस्से आएगा सबसे दमदार किरदार, इन बातों को लेकर फिल्म इंडस्ट्री में कई बार खींचतान देखने को मिली है। कुछ फिल्मों में एक एक्टर के हाथ से निकला किरदार दूसरे के करियर का सबसे यादगार रोल बन गया। दिलचस्प बात यह है कि जिन फिल्मों को आज दर्शक बेहद पसंद करते हैं, उनकी कास्टिंग के समय कई तरह की उलझनें थीं।
1975 में रिलीज हुई फिल्म ‘शोले’ की जय-वीरू की जोड़ी आज भी हिंदी सिनेमा की सबसे यादगार जोड़ियों में गिनी जाती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि जय के किरदार के लिए पहले शत्रुघ्न सिन्हा का नाम चर्चा में था? धर्मेंद्र ने एक पुराने इंटरव्यू में बताया था कि उन्होंने अमिताभ बच्चन का नाम इस किरदार के लिए सुझाया था। अमिताभ उनसे इस रोल के लिए सिफारिश करने को कहते थे। धर्मेंद्र की मदद से अमिताभ को जय का किरदार मिला।
जब शत्रुघ्न को इस बात का पता चला तो उन्होंने धर्मेंद्र से सवाल भी किया था कि उनका रोल अमिताभ को क्यों दिलवा दिया। शत्रुघ्न ने बाद में बताया कि उस समय उनकी कई फिल्मों की शूटिंग चल रही थी और तारीखों की परेशानी के कारण वह ‘शोले’ नहीं कर पाए। हालांकि, निर्देशक रमेश सिप्पी ने बाद में कहा था कि उन्होंने शत्रुघ्न के बारे में सोचा जरूर था, लेकिन उन्हें औपचारिक रूप से फिल्म ऑफर नहीं की थी।
1993 में आई फिल्म ‘डर’ ने शाहरुख खान को एक अलग पहचान दी। फिल्म में उन्होंने राहुल नाम के जुनूनी प्रेमी का किरदार निभाया था। लेकिन इस भूमिका के लिए पहले आमिर खान का नाम सामने आया था। आमिर इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने के करीब थे, लेकिन आखिरकार यह किरदार शाहरुख के पास पहुंच गया। फिल्म में सनी देओल भी अहम भूमिका में थे। बाद में शाहरुख और सनी के बीच फिल्म के कुछ दृश्यों और किरदारों को लेकर मतभेद की खबरें भी सामने आईं।
साल 2000 में आई फिल्म ‘जोश’ की कास्टिंग भी काफी दिलचस्प रही। फिल्म में शाहरुख खान ने मैक्स और चंद्रचूड़ सिंह ने राहुल का किरदार निभाया था। मेकर्स रतन जैन ने 2025 के एक इंटरव्यू में बताया कि शुरुआत में आमिर खान और शाहरुख के किरदारों को लेकर अलग-अलग पसंद सामने आई थी। निर्देशक मंसूर खान आमिर को मैक्स के रोल में देखना चाहते थे, जबकि मेकर्स शाहरुख को इस किरदार में लेना चाहते थे। इस कास्टिंग को लेकर शाहरुख के फिल्म छोड़ने की बात भी सामने आई थी। बाद में सलमान खान को भी मैक्स के किरदार के लिए अप्रोच किया गया था।
इन फिल्मों के किस्से बताते हैं कि बॉलीवुड में एक किरदार का सफर कई बार उम्मीद से बिल्कुल अलग हो जाता है। कभी तारीखें आड़े आती हैं, कभी निर्देशक की पसंद बदलती है तो कभी कलाकार और मेकर्स की सोच अलग होती है। जरूरी नहीं कि हर बार इसके पीछे दो सितारों की दुश्मनी ही हो। कई बार एक एक्टर का छोड़ा हुआ किरदार दूसरे कलाकार की पहचान बन जाता है। अमिताभ बच्चन के लिए जय का किरदार इसका बड़ा उदाहरण है।
यह भी पढ़ें- OTT Releases This Week: इस वीकेंड घर बैठे एंटरटेनमेंट का डबल डोज, 'स्पाइडर-मैन' से 'दृश्यम' तक रिलीज होंगी ये 7 फिल्म