
मनोरंजन डेस्क। दुर्गा पूजा सिर्फ आस्था और परंपरा का त्योहार नहीं, बल्कि बॉलीवुड फिल्मों के लिए भी कहानी कहने का खास जरिया रही है। फिल्मों में कहीं दुर्गा पूजा के पंडाल में प्यार और डांस देखने को मिला, तो कहीं इसी त्योहार के बीच कहानी ने ऐसा मोड़ लिया, जिसने ऑडियंस को चौंका दिया। ‘देवदास’ से लेकर ‘कहानी’ और ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ तक, कई फिल्मों ने दुर्गा पूजा को यादगार अंदाज में पर्दे पर दिखाया है।
संजय लीला भंसाली की 2002 में आई फिल्म ‘देवदास’ में दुर्गा पूजा का भव्य रूप देखने को मिला। फिल्म के गाने ‘डोला रे डोला’ में ऐश्वर्या राय बच्चन और माधुरी दीक्षित ने पारो और चंद्रमुखी के किरदार में शानदार डांस किया। इस गाने को कविता कृष्णमूर्ति, श्रेया घोषाल और केके ने अपनी आवाज दी थी। लाल-सफेद पारंपरिक साड़ियों, सजे हुए पूजा पंडाल और नृत्य के जरिए फिल्म में बंगाल की दुर्गा पूजा की रौनक दिखाई गई।
.jpg)
सुजॉय घोष की 2012 में रिलीज हुई थ्रिलर फिल्म ‘कहानी’ में दुर्गा पूजा सिर्फ उत्सव का हिस्सा नहीं थी, बल्कि कहानी के अहम मोड़ से जुड़ी थी। विद्या बालन ने फिल्म में विद्या बागची का किरदार निभाया था। फिल्म के क्लाइमैक्स में मां दुर्गा की प्रतिमा के विसर्जन और कोलकाता की भीड़ के बीच कहानी का बड़ा खुलासा होता है। त्योहार के माहौल और फिल्म के रहस्य ने इस दृश्य को खास बना दिया।
.jpg)
करण जौहर की 2023 में आई फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ में भी दुर्गा पूजा को खास जगह मिली। फिल्म के गाने ‘ढिंढोरा बाजे रे’ में आलिया भट्ट और रणवीर सिंह पारंपरिक अंदाज में डांस करते नजर आए। गाने में सजे हुए पंडाल, मां दुर्गा की प्रतिमा और बंगाली परंपराओं की झलक दिखाई गई। फिल्म में दुर्गा पूजा का इस्तेमाल परिवार, रिश्तों और सामाजिक सोच से जुड़े टकराव को सामने लाने के लिए भी किया गया।
.jpg)
यह भी पढ़ें- बॉलीवुड डेब्यू और पहला ही गाना सुपरहिट... क्या आप जानते हैं आयुष्मान खुराना के इस आइकॉनिक सॉन्ग का दिलचस्प किस्सा?