
मनोरंजन डेस्क। बॉलीवुड के सबसे मशहूर गानों में शामिल ‘एक दो तीन’ की शुरुआत किसी खूबसूरत शायरी या रोमांटिक लाइन से नहीं, बल्कि सिर्फ गिनती से हुई थी…माधुरी दीक्षित पर फिल्माया गया फिल्म ‘तेजाब’ (1988) का यह गाना पहले संगीतकार लक्ष्मीकांत के लिए सिर्फ धुन समझाने का एक तरीका था। लेकिन गीतकार जावेद अख्तर ने उन्हीं गिनती के शब्दों में ऐसा जादू भरा कि वे हमेशा के लिए हिंदी सिनेमा के यादगार गानों में शामिल हो गए।
इस गाने की कहानी इसलिए भी दिलचस्प है, क्योंकि शुरुआत में खुद लक्ष्मीकांत को डर था कि लोग गिनती वाले बोल सुनकर हंसेंगे। वहीं जावेद अख्तर को भरोसा था कि इन साधारण शब्दों से भी एक पूरा गीत तैयार किया जा सकता है।
फिल्म ‘तेजाब’ के डायरेक्टर एन. चंद्रा को माधुरी के किरदार मोहिनी के लिए एक ऐसा गाना चाहिए था, जिस पर वह नौटंकी के मंच पर शानदार डांस कर सके। इसके लिए संगीतकार लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल और गीतकार जावेद अख्तर के बीच कई बैठकें हुईं, लेकिन कोई ऐसी धुन नहीं बन पा रही थी जो सीन के माहौल पर फिट बैठे।
एन. चंद्रा ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उन्होंने संगीतकार लक्ष्मीकांत को मुंबई की कोली लोकधुन जैसी एक लय सुनाई थी। लक्ष्मीकांत ने उस लय को पकड़कर हारमोनियम पर धुन तैयार की। उसे समझाने के लिए उन्होंने ‘एक दो तीन, चार, पांच, छह…’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया।
फिल्मी संगीत में ऐसे शब्दों को ‘डमी वर्ड्स’ कहा जाता है। संगीतकार अक्सर किसी धुन को गीतकार तक पहुंचाने के लिए ऐसे अस्थायी शब्द गुनगुनाते हैं। बाद में गीतकार उन शब्दों की जगह असली बोल लिखता है। लेकिन इस बार कहानी कुछ अलग हो गई।
जावेद अख्तर ने इस धुन को घर जाकर दोबारा सुना। उन्हें लगा कि गिनती को हटाने के बजाय इसी को गाने का हिस्सा बनाया जा सकता है। उन्होंने लक्ष्मीकांत के सामने अपना विचार रखा, तो संगीतकार को चिंता हुई कि लोग गिनती को गाने के बोल के रूप में सुनकर मजाक उड़ा सकते हैं।
जावेद अख्तर ने उन्हें भरोसा दिलाया कि वह इन शब्दों को एक कहानी से जोड़ देंगे। उन्होंने गिनती को प्रेमी के इंतजार से जोड़ दिया। गाने में एक लड़की अपने प्रेमी से कहती है कि वह दिन गिन-गिनकर उसका इंतजार कर रही है और उसे महीने के खत्म होने से पहले लौट आना चाहिए।
जावेद अख्तर ने बाद में बातचीत में बताया था कि गाने की शुरुआती लाइन ‘तेरा करूं दिन गिन-गिन के इंतजार’ से उन्हें पूरे गीत का विचार मिला। इस तरह साधारण गिनती एक लड़की के इंतजार और उसकी भावनाओं को बताने का जरिया बन गई।
गाने को यादगार बनाने में सिर्फ धुन और बोल का योगदान नहीं था। माधुरी दीक्षित की अदाकारी और सरोज खान की कोरियोग्राफी ने इसे अलग पहचान दी। एन. चंद्रा के मुताबिक, माधुरी इस गाने की अहमियत समझती थीं और उन्होंने शूटिंग से पहले करीब एक महीने तक रोज तीन से चार घंटे रिहर्सल की थी।
गाने की शूटिंग मुंबई के महबूब स्टूडियो में बने भव्य सेट पर हुई। इसे पूरा करने के लिए टीम को काफी मेहनत करनी पड़ी। एन. चंद्रा ने बताया था कि शूटिंग के आखिरी दिन काम पूरा करने के लिए टीम ने लगातार करीब 25 घंटे काम किया। उस दौरान माधुरी को बुखार भी था, लेकिन उन्होंने शूटिंग जारी रखी।
यह भी पढ़ें- नहीं चली पवन कल्याण की तीसरी शादी! 13 साल बाद लिया तलाक का फैसला, कहा- हमेशा दोस्त रहेंगे
गाने को अलका याग्निक ने अपनी आवाज दी। सरोज खान की कोरियोग्राफी और माधुरी के डांस ने इसे ऐसी लोकप्रियता दिलाई कि यह आज भी उनके करियर के सबसे चर्चित गानों में गिना जाता है। सरोज खान को इस गाने के लिए सर्वश्रेष्ठ कोरियोग्राफी का फिल्मफेयर पुरस्कार भी मिला।
एक समय जिस गाने के बोल को लेकर लक्ष्मीकांत को लोगों के हंसने का डर था, वही गाना आगे चलकर बॉलीवुड की पहचान बन गया। इसकी कहानी बताती है कि कभी-कभी संगीत में सबसे बड़ा प्रयोग किसी मुश्किल शब्द या जटिल शायरी से नहीं, बल्कि रोजमर्रा की एक साधारण गिनती से भी शुरू हो सकता है।