
मनोरंजन डेस्क। भोजपुरी एक्टर-सिंगर खेसारी लाल यादव एक बार फिर सुर्खियों में हैं। एक समय था जब उन्होने दावा किया था कि भोजपुरी इंडस्ट्री के लोगों ने उनसे दूरी बना ली है। उनका कहना था कि मुश्किल समय में किसी ने उनका साथ नहीं दिया। इस घटना से नाराज खेसारी ने यह भी कहा था कि अब वह किसी की मदद नहीं करेंगे और न ही किसी के लिए आवाज उठाएंगे। लेकिन वह एक नहीं, कई बार विवादों में रह चुके हैं।
खेसारी लाल यादव का नाम भोजपुरी इंडस्ट्री के उन कलाकारों में शामिल है, जिनकी लोकप्रियता काफी बड़ी है। उनके गाने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा जाते हैं, लेकिन उनके बयान और निजी विवाद भी अक्सर चर्चा का विषय बन जाते हैं। कई बार उन पर जानबूझकर विवाद खड़ा करने के आरोप लगे हैं। हालांकि, भोजपुरी इंडस्ट्री से जुड़े लोगों का मानना है कि खेसारी की मंशा विवाद पैदा करने की नहीं होती, बल्कि कई बार उनका बेबाक अंदाज और बड़बोलापन उन्हें मुश्किल में डाल देता है।
भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में कई कलाकारों के पीआरओ रह चुके उदय भगत के मुताबिक, खेसारी लाल यादव दिल के साफ इंसान हैं और वह जानबूझकर विवाद नहीं करते। हालांकि, कई बार वह जोश में ऐसी बातें कह जाते हैं, जिनका बाद में गलत अर्थ निकाला जाता है और विवाद खड़ा हो जाता है।
उदय भगत का कहना है कि खेसारी की लोकप्रियता काफी ज्यादा है। उनके समर्थक भी सोशल मीडिया पर खुलकर अपनी प्रतिक्रिया देते हैं। कई बार समर्थन करते हुए फैंस दूसरे कलाकारों के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने लगते हैं। भोजपुरी इंडस्ट्री में फैन क्लब भी कई बार राजनीतिक और जातिगत आधार पर बंटे नजर आते हैं, जिससे कलाकारों के बीच की बहस और बढ़ जाती है।
भोजपुरी इंडस्ट्री के दो बड़े नाम खेसारी लाल यादव और पवन सिंह के बीच लंबे समय से खींचतान की खबरें आती रही हैं। दोनों कलाकारों के बीच बयानबाजी कई बार सोशल मीडिया तक पहुंची। पवन सिंह के एक कार्यक्रम में दिए गए बयान के बाद खेसारी ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी थी। इस दौरान उन्होंने पवन सिंह को लेकर कई बातें कही थीं, जिसके बाद दोनों के प्रशंसकों के बीच भी बहस शुरू हो गई।
इससे पहले भी दोनों कलाकारों के बीच विवाद सामने आ चुके हैं। भोजपुरी इंडस्ट्री में दोनों की लोकप्रियता और उनके फैन क्लब के बीच प्रतिस्पर्धा के कारण छोटी-छोटी बातें भी बड़ा रूप ले लेती हैं।
पवन सिंह के साथ विवाद के बाद खेसारी लाल यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें वह भोजपुरी के कई कलाकारों, जिनमें कल्लू, समर सिंह और रितेश पांडेय जैसे नाम शामिल थे, को लेकर नाराजगी जाहिर करते नजर आए थे।
वीडियो में खेसारी ने कुछ कलाकारों के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था। इसके बाद संबंधित कलाकारों और उनके समर्थकों ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। देखते ही देखते यह मामला भोजपुरी इंडस्ट्री के कलाकारों के बीच विवाद का रूप ले गया।
खेसारी लाल यादव का गाना ‘चाची के बाची सपनवा में आती है’ रिलीज होने के बाद विवादों में आ गया था। गाने के बोल को लेकर कई संगठनों ने आपत्ति जताई और इसे महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक बताया। इस मामले में पटना और मुंबई में खेसारी के खिलाफ शिकायतें दर्ज कराई गई थीं।
गाने को लेकर सोशल मीडिया पर भी काफी आलोचना हुई। कुछ लोगों ने इसे मनोरंजन के नाम पर महिलाओं के सम्मान के खिलाफ बताया, जबकि खेसारी के समर्थकों ने इसे भोजपुरी संगीत की शैली का हिस्सा बताते हुए उनका बचाव किया।
‘चाची के बाची’ गाने को लेकर विवाद बढ़ने के बाद एक अन्य भोजपुरी गायक ने खेसारी की बेटी को लेकर आपत्तिजनक गाना बनाया था। इसके बाद खेसारी के समर्थकों ने उस गायक के साथ मारपीट की और उससे माफी मंगवाई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
इस मामले में खेसारी भी आलोचनाओं के घेरे में आए। सोशल मीडिया पर लोगों ने सवाल उठाया कि किसी कलाकार के गाने का विरोध करने के लिए हिंसा का सहारा लेना कितना उचित है।
खेसारी लाल यादव के खिलाफ जमीन से जुड़े एक मामले में भी शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि खेसारी ने उससे सात कट्ठा जमीन 22 लाख 80 हजार रुपये में खरीदी थी, लेकिन भुगतान के लिए दिया गया 18 लाख रुपये का चेक बाउंस हो गया।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि चेक बाउंस होने के बाद खेसारी से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इस मामले में छपरा के रसूलपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई और अदालत की ओर से खेसारी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी होने की खबरें भी सामने आईं।
हालांकि, यह मामला आरोपों और कानूनी प्रक्रिया से जुड़ा है। आरोपों की पुष्टि अदालत के अंतिम फैसले से ही होगी।
उदय भगत के मुताबिक, भोजपुरी इंडस्ट्री में विवादों को बढ़ाने में कुछ छोटे यूट्यूब चैनलों की भी भूमिका रहती है। ऐसे चैनल कलाकारों के बयानों को मिर्च-मसाला लगाकर पेश करते हैं और एक-दूसरे के खिलाफ वीडियो बनाते हैं। इससे कलाकारों के बीच तनाव बढ़ता है और प्रशंसक भी विवाद में शामिल हो जाते हैं।
उनका मानना है कि यदि कलाकार ऐसे चैनलों को इंटरव्यू देना बंद कर दें और विवादित मुद्दों पर प्रतिक्रिया देने से बचें, तो भोजपुरी इंडस्ट्री में कई विवाद कम हो सकते हैं।
खेसारी लाल यादव के मामले में भी यही सवाल उठता है कि क्या वह जानबूझकर विवादों में रहते हैं या उनका बेबाक अंदाज और प्रशंसकों की प्रतिक्रिया उन्हें बार-बार विवादों के बीच ला खड़ा करती है। उनके पुराने विवादों को देखें तो यह साफ है कि उनकी लोकप्रियता जितनी बड़ी है, उनके बयानों और उनसे जुड़े विवादों की चर्चा भी उतनी ही व्यापक होती है।
यह भी पढ़ें- 'रामायणम्' में यश के रावण अवतार पर बवाल! VHP ने उठाई स्क्रीनिंग रोकने की मांग, जानिए क्यों भड़का विवाद