
मनोरंजन डेस्क, भोपाल। 2010 में आई फिल्म 'राजनीति' का गाना 'मोरा पिया मोसे बोलत नाहीं...' को आज भी लोग याद करते हैं। लेकिन हम में से बहुत कम लोग जानते हैं कि यह गाना भोपाल की खूबसूरत जगहों पर शूट किया गया है। इसके शूटिंग के कुछ किस्सों को रणबीर कपूर ने भी कई इंटरव्यूज में शेयर किया है। एक्टर ने कहा था कि जब वह भोपाल में शूट कर रहे थे, तो 10,000 लोगों की भीड़ उन्हें रोज देखने आती थी।
किसी पुराने इंटरव्यू में रणबीर कपूर ने कहा था- हमारे फिल्म के डायरेक्टर प्रकाश झा भोपाल के ही रहने वाले हैं। इसलिए उन्होंने भोपाल के असली लोकेशन जैसे पुराना भोपाल, वीआईपी रोड, और ऐतिहासिक इमारतों पर शूटिंग की। शूटिंग के दौरान जब मैं और कटरीना शूट करते थे, तो हमें देखने के लिए रोजाना हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ती थी। भोपाल में शूटिंग करना बहुत अच्छा एक्सपिरियंस था। लेकिन भीड़ इतनी ज्यादा होती थी कि प्रकाश झा को खुद लाउडस्पीकर हाथ में लेकर पूरी भीड़ को कंट्रोल करना पड़ता था। कई बार तो लोकल जनता ही सीन में बैकग्राउंड क्राउड का काम करने लगती थी।
फिल्म से जुड़े लोगों ने बताया गाने और फिल्म के इमोशनल सीन्स की शूटिंग भोपाल की कड़कड़ाती गर्मी में हुई थी। इस बारे में रणबीर ने भी बात की थी। उन्होंने बताया था- सेट पर गर्मी बहुत ज्यादा थी, लेकिन माहौल इतना रियल था कि एक्टर्स को अपने किरदार (समर और इंदु) में ढलने में बहुत मदद मिली। मोरा पिया गाने में जो दर्द और खामोशी दिखती है। वह भोपाल के उस लोकेशन और माहौल की वजह से और ज्यादा निखर कर आई।
'मोरा पिया' और राजनीति के बाकी हिस्सों में कटरीना कैफ को एक राजनेता के गंभीर रूप में दिखाया गया था। प्रकाश झा चाहते थे कि कटरीना का लुक एकदम सादगी भरा हो। उन्होंने कटरीना को कॉटन की साड़ियां पहनने और बहुत ही कम मेकअप में रहने की हिदायत दी थी।
इस बारे में बात करते हुए कटरीना ने अपने एक इंटरव्यू में कहा था- शुरुआत में मुझे इतनी साधारण साड़ी पहनना और बिना ग्लैमरस लुक के कैमरे के सामने आना थोड़ा अलग लगा था। लेकिन भोपाल की सड़कों पर शूटिंग करते वक्त मुझे अहसास हुआ कि किरदार की सच्चाई इसी सादगी में थी।
'राजनीति' को प्रकाश झा ने डायरेक्ट किया था। प्रोड्यूसर भी प्रकाश ही थे। इसमें रणबीर और कटरीना के अलावा अजय देवगन, नाना पाटेकर, अर्जुन रामपाल और मनोज बाजपेयी लीड रोल में नजर आए थे। फिल्म साल 2010 में रिलीज हुई थी।
यह भी पढ़ें- 'रात का नशा अभी...' सुनते ही आंखों के सामने आती है सफेद चट्टानें, मध्य प्रदेश की इस जगह ने गाने में भर दिया था जादू