
मनोरंजन डेस्क। पाकिस्तान ने इंडियाज गॉट लेटेंट जैसा ही एक शो बनाया है। शो का नाम पाकिस्तान गॉट लेटेंट रखा गया है। इस शो की अनाउंसमेंट 9 नवंबर को ही कर दी गई थी। लेकिन, अब तक इसका एक भी एपिसोड रिलीज नहीं किया गया। हालांकि, मेकर्स ने इसे लेकर कुछ क्लिप्स सोशल मीडिया पर पोस्ट की है, जिससे लोगों में शो को लेकर इंटरेस्ट लाया जा रहा है।
मेकर्स ने कहा कि इस बार पैनल में 4 लोग रहेंगे। इनमें इन्फ्लुएंसर शरहबिल सिद्दीकी, स्टैंड-अप कॉमेडियन उस्मान मजहर, मुजम्मिल मेसिया और पाकिस्तानी टीवी पर्सनैलिटी मथिरा शामिल हैं। प्रोमो से कुछ सेलिब्रिटी मेहमानों के आने की भी पुष्टि हुई है। 'सुनो चंदा' और 'दर-ए-निजात' के लिए अदनान शाह टीपू के साथ-साथ फिरोज खान और हुमैमा मलिक भी इसमें नजर आएंगे।
11 नवंबर को इस शो को एक शुरुआती बढ़ावा तब मिला, जब कॉमेडियन शकील सिद्दीकी और रऊफ लाला तथा अभिनेत्री राखी सावंत ने इसके लिए प्रचार किया। हाल ही के प्रोमो में, मथिरा को एक प्रतियोगी द्वारा अभद्र भाषा का इस्तेमाल किए जाने पर आपत्ति जताते हुए देखा जा सकता है। जो लोग इस शो के मूल भारतीय संस्करण को देखते रहे हैं, उनके लिए यह एक जाना-पहचाना विवाद का बिंदु है।
पिछले साल रणवीर अलाहबादिया स्टैंडअप कॉमेडियन समय रैना के शो इंडियाज गॉट लेटेंट में बतौर गेस्ट गए थे। यहां उन्होंने एक कंटेस्टेंट के पेरेंट्स पर कुछ आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी थी। इस वजह से उन्हें बहुत ट्रोल किया गया था और देश में कई जगहों पर उनके खिलाफ FIR भी दर्ज हुई थी।
इस मामले में नेशनल ह्मयून राइट कमीशन ने यूट्यूब को नोटिस भेजा था। विवाद बढ़ जाने के बाद के शो के उस पर्टिकुलर एपिसोड को यूट्यूब से हटा दिया गया। रणवीर ने अपने कमेंट के लिए पब्लिकली माफी भी मांगी थी।
7 अप्रैल को समय ने यूट्यूब पर एक स्टैंड अप वीडियो ‘स्टिल अलाइव’ शेयर किया था। शेयर करने के 24 घंटे के अंदर ही इसे 22 मिलियन व्यूज मिल गए थे। इस पूरे वीडियो में उन्होंने लेटेंट कॉन्ट्रोवर्सी पर बात की थी। समय ने बताया था कि शूट के दौरान रणवीर अलाहबादिया ने करीब 8 बार पेरेंट्स पर आपत्तिजनक कमेंट किए थे। इसके अलावा भी उन्होंने कई गलत सवाल पूछे थे। समय ने कहा कि उन्होंने एडिट के दौरान सिर्फ एक सवाल रख लिया। उस एक सवाल से विवाद हो गया।
इस वीडियो में समय ने कंफर्म किया था कि इंडियाज गॉट लेटेंट दूसरे सीजन के साथ वापस आ सकता है। उन्होंने कहा- लोग बहुत पूछते रहते हैं कि शो कब वापस आने वाला है। मैंने इस बारे में बहुत सोचा। शो तो मैं लाऊंगा भाई, मुझे मजा आता है यह शो करने में। अभी सिर्फ इसका सीजन 1 खत्म हुआ है। सीजन 2 बाकी है। मैं चाहता हूं एकदम वाइल्ड शो करूं। लेकिन, इंटरनेट पर सॉफ्ट वर्जन पोस्ट करूंगा। इसलिए शूट के दौरान ऑडियंस से उनके मोबाइल फोन भी रखवा दूंगा।
यह भी पढ़ें- एमपी के एक्टर्स को बड़ा मौका! 'नोटिस' में अरुण गोविल-दीपिका चिखलिया के साथ किया स्क्रीन शेयर