
मनोरंजन डेस्क। फिल्म ‘रामायणम्’ में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के किरदार में नजर आ रहे हैं। फिल्म में इनकी एक्टिंग और लुक के साथ उनके गहने भी खूब चर्चा में हैं। राम का भव्य मुकुट हो या सीता के कुंडल, लक्ष्मण के आभूषण हों या रावण का राजसी श्रृंगार, हर किरदार के गहनों में एक अलग कहानी दिखाई देती है।
दिलचस्प बात यह है कि इन गहनों को तैयार करने के लिए जयपुर के कारीगरों ने करीब 18 महीने तक मेहनत की। 25 ज्वेलरी डिजाइनरों ने रिसर्च के बाद डिजाइन तैयार किए और 150 से ज्यादा कारीगरों ने करीब 4,500 आभूषणों का विशाल कलेक्शन बनाया। यह सिर्फ कलाकारों को सजाने का काम नहीं था, बल्कि रामायणम् के अलग-अलग राज्यों, उनकी संस्कृति और उस दौर की आभूषण कला को पर्दे पर उतारने की कोशिश थी।

जयपुर अपनी पारंपरिक ज्वेलरी, कुंदन-मीनाकारी और बारीक कारीगरी के लिए दुनिया भर में जाना जाता है। इसी विरासत को देखते हुए फिल्म की टीम करीब तीन साल पहले जयपुर पहुंची थी। यहां के ज्वेलरी ब्रांड आम्रपाली के अलग-अलग कलेक्शन देखे गए। उत्तर से दक्षिण भारत तक की पारंपरिक आभूषण शैलियों को समझा गया और फिर फिल्म के किरदारों के हिसाब से गहने तैयार करने का काम सौंपा गया।
इस प्रोजेक्ट में सबसे बड़ी चुनौती थी कि हर किरदार के गहने उसकी पहचान और उसके राज्य की संस्कृति के मुताबिक दिखें। इसके लिए 25 डिजाइनरों ने रामायणम् काल की कला, मंदिरों की मूर्तियों, ऐतिहासिक आभूषणों और पारंपरिक डिजाइन पर रिसर्च की। कई बार डिजाइन बदले गए, तब जाकर अंतिम रूप तय हुआ। इसके बाद 150 से ज्यादा कारीगरों ने करीब 18 महीने में 4,500 से अधिक आभूषण तैयार किए।
फिल्म में भगवान राम अयोध्या के राजकुमार हैं, माता सीता मिथिला की राजकुमारी और रावण सोने की नगरी लंका का राजा। इसलिए तीनों के गहनों को एक जैसा नहीं रखा गया।
अयोध्या के आभूषणों में राजसी ठाठ और क्षत्रिय वैभव दिखाने की कोशिश की गई। राम के मुकुट, हार और दूसरे गहनों में शाही गरिमा का ध्यान रखा गया। वहीं मिथिला की संस्कृति को ध्यान में रखते हुए माता सीता के आभूषणों में सौम्यता, पारंपरिक सुंदरता और बारीक कारीगरी को जगह दी गई।
दूसरी ओर, रावण की लंका को सोने और अपार संपन्नता वाली नगरी माना जाता है। इसलिए उसके गहनों में ज्यादा चमक, भव्यता और वैभव रखा गया। रावण के आभूषणों का डिजाइन उसके शक्तिशाली और समृद्ध शासक होने की छवि को सामने लाने के लिए तैयार किया गया।
फिल्म की ज्वेलरी में सबसे दिलचस्प प्रयोग राम, सीता और लक्ष्मण के वनवास वाले लुक के लिए किया गया। जब तक तीनों अयोध्या के महल में रहते हैं, उनके आभूषण भारी और राजसी दिखाई देते हैं। लेकिन वनवास शुरू होते ही उनका पहनावा और गहने बदल जाते हैं।
वनवासी जीवन को वास्तविक दिखाने के लिए उनके लिए हल्की लकड़ी से आभूषण तैयार किए गए। इसका उद्देश्य यह दिखाना था कि महल का वैभव छोड़कर जंगल में पहुंचे इन पात्रों का जीवन अब पहले जैसा नहीं रहा। इसलिए उनके गहनों में भी सादगी और प्राकृतिक चीजों का इस्तेमाल किया गया।
इस प्रोजेक्ट में सिर्फ मुख्य कलाकारों के आभूषण तैयार नहीं किए गए। हनुमान, बाली, सुग्रीव, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, राजा दशरथ, माता कौशल्या, कैकेयी और सुमित्रा जैसे पात्रों के लिए भी अलग-अलग डिजाइन बनाए गए।
मिथिला के राजा जनक, माता सुनैना, उर्मिला, मांडवी और श्रुतिकीर्ति के साथ रावण की पत्नी मंदोदरी और बहन शूर्पणखा के गहनों पर भी काम किया गया। यहां तक कि भीड़ में दिखाई देने वाले छोटे किरदारों के लिए भी अलग आभूषण तैयार किए गए। इसका मकसद सिर्फ स्क्रीन पर भव्यता दिखाना नहीं, बल्कि हर पात्र को उसके सामाजिक और सांस्कृतिक परिवेश के मुताबिक पेश करना था।
फिल्म में दिखाई देने वाले ज्यादातर आभूषण शुद्ध सोने-चांदी से नहीं बनाए गए हैं। इन्हें मुख्य रूप से ब्रास और पीतल जैसी धातुओं पर तैयार किया गया है। जहां जरूरत पड़ी, वहां सोने और चांदी की परत चढ़ाई गई, ताकि गहने कैमरे पर असली और राजसी दिखाई दें।
इतने बड़े कलेक्शन को पूरी तरह सोने-चांदी से बनाना व्यावहारिक नहीं था। हालांकि, इनकी असली खासियत धातु की कीमत से ज्यादा इन पर की गई बारीक नक्काशी, रवे का काम, कुंदन-मीनाकारी और पारंपरिक कारीगरी है। इसलिए राम का मुकुट या सीता के गहने कितने रुपये के हैं, इसकी कोई एक आधिकारिक कीमत बताना आसान नहीं है।
फिल्म की शूटिंग पूरी होने के बाद इन आभूषणों का संग्रह वापस जयपुर लाया जाना है। इसके बाद कुछ गहनों को संग्रहालय में प्रदर्शित करने की योजना है। चूंकि फिल्म दो भागों में बनाई जा रही है, इसलिए कुछ आभूषण अभी फिल्म यूनिट के पास ही रहेंगे और अगले भाग की शूटिंग में भी इस्तेमाल किए जा सकते हैं।
फिल्म के लिए तैयार किए गए गहनों से प्रेरित होकर आम लोगों के लिए भी छोटे और पहनने योग्य डिजाइन तैयार किए जा रहे हैं। इनमें ब्रोच, हेयरपिन, गले के लॉकेट और चांदी के सिक्के शामिल हैं।
माता सीता के कर्णफूल से प्रेरित छोटी ईयररिंग, उनके विवाह के आभूषणों से प्रेरित हार और कुंदन-मीनाकारी वाले कड़े भी इस कलेक्शन का हिस्सा हो सकते हैं। वनवास के दौरान पहने गए लकड़ी के गहनों से प्रेरित डिजाइन भी तैयार किए जा रहे हैं।
जयपुर के कारीगरों के लिए फिल्मों के लिए आभूषण तैयार करना नया काम नहीं है। इससे पहले ‘बाहुबली’ के दोनों भाग, ‘मणिकर्णिका’, ‘रामलीला’ और ‘सांवरिया’ जैसी फिल्मों के लिए भी यहां के कारीगरों ने गहने तैयार किए हैं।
हालांकि, ‘रामायणम्’ का प्रोजेक्ट अपने पैमाने और आभूषणों की संख्या के लिहाज से खास है। 18 महीने की मेहनत, 25 डिजाइनरों की रिसर्च और 150 से ज्यादा कारीगरों की कला से तैयार यह कलेक्शन अब बड़े पर्दे पर जयपुर की पारंपरिक ज्वेलरी विरासत को भी दिखा रहा है।
यह भी पढ़ें- ‘एक्टिंग का यह मेरा आखिरी दशक हो सकता है’, रणबीर कपूर क्यों लगाना चाहते हैं एक्टिंग पर ब्रेक?