
मनोरंजन डेस्क। बॉलीवुड में जहां कई कलाकार एक हिट फिल्म के लिए सालों इंतजार करते हैं, वहीं कुछ ऐसे भी हैं जिनके पास इंडस्ट्री में कदम रखने से पहले ही एक बड़ा नाम और पहचान होती है। रणबीर कपूर भी ऐसे ही कलाकारों में शामिल हैं। उनके दादा राज कपूर हिंदी सिनेमा के बड़े डायरेक्टर और एक्टर थे, पिता ऋषि कपूर अपने दौर के सुपरस्टार रहे और मां नीतू कपूर भी फिल्म इंडस्ट्री का जाना-पहचाना चेहरा हैं।
इसके बावजूद रणबीर ने अपने करियर को सिर्फ कपूर खानदान के नाम के भरोसे नहीं छोड़ा। उन्होंने एक्टिंग और फिल्ममेकिंग की पढ़ाई की, फिल्मों के सेट पर काम सीखा और अब वह कैमरे के पीछे अपनी अलग पहचान बनाने की तैयारी कर रहे हैं।
हाल ही में BBC Asian Network को एक्ट्रेस साई पल्लवी के साथ दिए इंटरव्यू में रणबीर ने अपने भविष्य को लेकर ऐसी बात कही, जिसने उनके फैंस को चौंका दिया। उन्होंने कहा कि शायद यह उनका बतौर एक्टर आखिरी दशक हो सकता है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि वह तुरंत एक्टिंग छोड़ने वाले हैं। रणबीर का इशारा उन बड़े और चुनौतीपूर्ण किरदारों की तरफ था, जिन्हें वह फिलहाल निभा रहे हैं। वह आने वाले समय में डायरेक्शन पर ज्यादा ध्यान देना चाहते हैं।
रणबीर के लिए फिल्मों की दुनिया नई नहीं थी। वह ऐसे परिवार में पैदा हुए जहां फिल्में और शूटिंग जिंदगी का हिस्सा थीं। लेकिन उन्होंने यह नहीं माना कि परिवार का नाम ही उन्हें एक अच्छा एक्टर या फिल्ममेकर बना देगा। ऋषि कपूर ने एक इंटरव्यू में बताया था कि रणबीर ने पहले न्यूयॉर्क के School of Visual Arts में पढ़ाई की और फिर Lee Strasberg Theatre and Film Institute में एक्टिंग की ट्रेनिंग ली।
भारत लौटने के बाद रणबीर ने संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘ब्लैक’ में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम किया। उस वक्त वह सिर्फ एक्टर बनने की तैयारी नहीं कर रहे थे, बल्कि यह भी समझ रहे थे कि कैमरे के पीछे फिल्म कैसे बनाई जाती है। बाद में भंसाली ने उन्हें ‘सांवरिया’ से बतौर एक्टर लॉन्च किया।
रणबीर के पिता ऋषि कपूर ने भी एक इंटरव्यू में कहा था कि उनके बेटे ने फिल्म स्कूल जाने का फैसला खुद लिया था। परिवार ने उन्हें किसी दूसरे पेशे की तरफ धकेलने के बजाय फिल्ममेकिंग सीखने का मौका दिया।
रणबीर का डायरेक्शन की तरफ झुकाव नया नहीं है। उनके दादा राज कपूर ने ‘आवारा’, ‘श्री 420’ और ‘मेरा नाम जोकर’ जैसी फिल्में बनाईं। पिता ऋषि कपूर ने भी ‘आ अब लौट चलें’ का डायरेक्शन किया था। ऐसे में फिल्म निर्माण की परंपरा उनके परिवार में पहले से मौजूद रही है।
BBC के इंटरव्यू में रणबीर ने बताया कि उन्होंने कुछ महीने पहले अपनी फिल्म की स्क्रिप्ट लिखना शुरू किया है। उनके मुताबिक, कहानी लिखना आसान नहीं है और इस अनुभव ने लेखकों के काम के प्रति उनका सम्मान और बढ़ा दिया है। वह मानते हैं कि डायरेक्टर को पूरी कहानी गढ़ने, कलाकारों और तकनीकी टीम को साथ लाने और अपनी सोच को पर्दे पर उतारने का मौका मिलता है।
रणबीर ने अपनी पसंदीदा फिल्मों में ‘लाइफ इज ब्यूटीफुल’, ‘इट्स अ वंडरफुल लाइफ’ और राजकुमार हिरानी की फिल्मों का जिक्र किया। वह अपनी पहली फिल्म एक ऐसी फील-गुड फैमिली ड्रामा बनाना चाहते हैं, जिसे देखकर दर्शकों को अच्छा महसूस हो।
रणबीर ने साफ किया कि वह अभी एक्टिंग से दूरी नहीं बना रहे हैं। उनकी प्राथमिकता फिलहाल ‘ब्रह्मास्त्र 2’, ‘एनिमल पार्क’ और ‘रामायण पार्ट 2’ जैसी फिल्मों को पूरा करना है। वह अगले दो से तीन साल में अपनी पहली निर्देशित फिल्म की शूटिंग शुरू करने की उम्मीद रखते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि वह साल में करीब 100 से 125 दिन ही शूटिंग करते हैं, इसलिए बाकी समय का इस्तेमाल कहानी लिखने और डायरेक्शन की तैयारी में कर सकते हैं।
रणबीर का यह फैसला उनके करियर का नया अध्याय हो सकता है। अब तक वह राज कपूर के पोते और ऋषि कपूर के बेटे के रूप में पहचाने जाते रहे हैं, लेकिन एक्टिंग के बाद डायरेक्शन में कदम रखकर वह कपूर परिवार की फिल्ममेकिंग विरासत को अपने तरीके से आगे बढ़ाना चाहते हैं।
यह भी पढ़ें- इस फिल्म को बनने में लगे 14 साल, वजह- पर्दे के पीछे चल रही थी मीना कुमारी की अधूरी प्रेम कहानी!