
मनोरंजन डेस्क। रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायणम्’ की रिलीज से पहले ही इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। फिल्म 5 नवंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इसी बीच खबर है कि मेकर्स उसी दिन राष्ट्रपति भवन में इसकी स्पेशल स्क्रीनिंग करने की तैयारी कर रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इस स्क्रीनिंग में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ कई राजनेताओं और मंत्रियों को भी फिल्म दिखाई जा सकती है।
हालांकि, राष्ट्रपति भवन में स्क्रीनिंग को लेकर अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि फिल्म के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा इससे जुड़ी मंजूरियां और अन्य औपचारिकताएं पूरी करने में जुटे हैं।
‘मिड-डे’ की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म को दुनियाभर में रिलीज करने के साथ ही राष्ट्रपति भवन में स्पेशल स्क्रीनिंग की योजना बनाई जा रही है। अगर यह आयोजन होता है, तो फिल्म की रिलीज के दिन इसे एक खास कार्यक्रम के तौर पर देखा जाएगा।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि स्क्रीनिंग में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, निर्देशक नितेश तिवारी और नमित मल्होत्रा शामिल हो सकते हैं। हालांकि, इसे लेकर न तो कास्ट ने कोई आधिकारिक अनाउंसमेंट की हा और न ही मेकर्स ने।
मेकर्स फिल्म के दो प्रीमियर आयोजित करने की भी तैयारी कर रहे हैं। इनमें से एक मुंबई के नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) में और दूसरा दिल्ली में हो सकता है। दिल्ली के कार्यक्रम में कई खास मेहमानों के शामिल होने की संभावना जताई गई है।
‘रामायणम्’ की रिलीज से पहले श्री रामलीला महासंघ ने भी मेकर्स से फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग कराने की मांग की थी। रिपोर्ट के मुताबिक, अगस्त में महासंघ ने नमित मल्होत्रा को पत्र लिखकर फिल्म को सिनेमाघरों में रिलीज करने से पहले दिखाने की अपील की थी।
महासंघ ने अपनी मांग के समर्थन में प्रभास की फिल्म ‘आदिपुरुष’ का उदाहरण दिया था। संगठन का कहना था कि फिल्म के कुछ डायलॉग्स और दृश्यों को लेकर विवाद हुआ था और इससे सनातन समुदाय की भावनाएं आहत हुई थीं।
महासंघ चाहता था कि ‘रामायणम्’ को रिलीज से पहले दिखाया जाए, ताकि अगर किसी दृश्य या संवाद पर आपत्ति हो, तो उस पर मेकर्स से चर्चा की जा सके। पत्र में यह चेतावनी भी दी गई थी कि मांग नहीं माने जाने पर दिल्ली समेत देशभर के सिनेमाघरों के बाहर विरोध प्रदर्शन किया जा सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस पत्र पर मेकर्स की ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया है।
फिल्म रामायणम् में रणबीर भगवान राम के किरदार निभा रहे हैं। उनके अपोजिट साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आएंगी। वहीं, यश रावण के रोल में देखे जाएंगे। फिल्म के सभी गाने ऑस्कर विनर एआर. रहमान और हंस जिमर कंपोज किए हैं। ‘रामायणम्’ के डायरेक्टर नितेश तिवारी है।
मेकर्स ने बताया कि ‘रामायणम्’ दो पार्ट में रिलीज होगी। इसका पहला पार्ट दिवाली 2026 पर रिलीज किया जा रहा है। पहला पार्ट इस साल 5 नवंबर को रिलीज होगा। प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा के मुताबिक, दोनों पार्ट्स का बजट मिलाकर 4000 करोड़ रुपए है।