
मनोरंजन डेस्क। सलमान खान ने कहा कि गैलेक्सी अपार्टमेंट में वह एक कमरे में अकेले रहते थे। लेकिन उन्हें हमेशा किसी की मौजूदगी का एहसास होता है। कभी-कभी लाइट्स खुद ऑन और ऑफ भी हो जाती है। इस बात का खुलासा एक्टर ने कॉफी विथ करण सीजन 9 के हालिया एपिसोड में किया।
दरअसल, एपिसोड में बातचीत के दौरान करण ने सलमान से पूछा- मैं जब कुछ कुछ होता है कि स्क्रिप्ट को नौरेट करने आपके घर पहुंचा, तो मैंने देखा कि आप बहुत छोटे से रूम में रह रहे हैं। पूरा परिवार एक साथ रहता था। वहां अरबाज, सोहेल, सलमान, सलमा आंटी, सलीम अंकल, सब थे। आपका कमरा सबसे छोटा था। उसमें एक अलमारी, एक कपाट और एक बिस्तर था। मैं हैरान रह गया और सोचने लगा, 'क्या यह सलमान खान का कमरा है?'
इस पर सलमान ने कहा- पता है, उस कमरे में मैं कभी अकेले नहीं रहा। मैं वहां किसी ऐसे इंसान के साथ रहा जिसे मैंने कभी देखा ही नहीं- बस उसके बारे में सुना है, या अपने पीछे उसकी मौजूदगी महसूस की है। जब भी मैं बाहर निकलता, तो लाइटें अपने आप जलने-बुझने लगतीं। अलमारियां खुल जातीं। संगीत बजने लगता। बाथरूम में, मुझे ऐसा लगता था जैसे बाहर कोई अलमारी के साथ छेड़छाड़ कर रहा है और उसे खोल रहा है। तब मुझे समझ आया कि वहां कोई है, कोई चीज है।
करण जौहर ने जब पूछा कि क्या आपको डर नहीं लगता। तो इस पर सलमान ने कहा- नहीं, भूतिया नहीं। मेरा मतलब है, मुझे वहां किसी की मौजूदगी का एहसास होता था। जब भी मैं कोई संगीत बजाता था, मुझे वह अपने ठीक पीछे महसूस होती थी।
सलमान ने इस किस्से में एक मजेदार मोड़ दे दिया। सलमान ने कहा कि मेरी बस यही गुजारिश थी कि अगर आप सच में कोई बहुत खूबसूरत महिला हैं, तो कृपया मुझे अपने दर्शन दें।