
मनोरंजन डेस्क। फिल्म ‘1942: ए लव स्टोरी’ के गाने ‘एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा’ की रिकॉर्डिंग के दौरान कुमार सानू को बार-बार आने वाले एक शब्द ‘जैसे’ को हर बार अलग अंदाज में गाने का निर्देश दिया गया था। यह सुझाव संगीतकार आरडी बर्मन यानी पंचम दा का था।
कुमार सानू ने एक इंटरव्यू में इस गाने की रिकॉर्डिंग से जुड़ा किस्सा साझा किया था। उन्होंने बताया कि रिकॉर्डिंग के दौरान आरडी बर्मन उनके पास आए और गाने में बार-बार इस्तेमाल होने वाले ‘जैसे’ शब्द पर ध्यान दिलाया।
गाने के मुखड़े में कई बार ‘जैसे’ शब्द आता है। जैसे खिलता गुलाब, शायर का ख्वाब, उजली किरण और वन में हिरण। पंचम दा चाहते थे कि कुमार सानू हर बार इस शब्द को एक ही अंदाज में न गाएं। शब्द वही रहे, लेकिन उसकी आवाज, भाव और एक्सप्रेशन हर बार अलग सुनाई दें।
कुमार सानू के मुताबिक, पंचम दा ने उनसे कहा था कि अगर वह हर ‘जैसे’ को अलग तरीके से गा पाए तो गाना हिट हो जाएगा। सानू ने इस निर्देश को गंभीरता से लिया और रिकॉर्डिंग के दौरान हर बार शब्द को अलग भाव देने की कोशिश की।
कुमार सानू ने बताया कि रिकॉर्डिंग पूरी होने के बाद आरडी बर्मन ने उन्हें गले लगाया, माथा चूमा और फिर गालियां देने लगे। शुरुआत में सानू समझ नहीं पाए कि पंचम दा ऐसा क्यों कर रहे हैं। उन्होंने पास खड़े एक व्यक्ति से पूछा कि आखिर उन्हें गालियां क्यों दी जा रही हैं?
तब उन्हें बताया गया कि आरडी बर्मन जब किसी काम से बेहद खुश होते थे, तो इसी तरह अपनी खुशी जाहिर करते थे। उनके लिए यह गालियां नाराजगी नहीं, बल्कि रिकॉर्डिंग पसंद आने का संकेत थीं।
कुमार सानू ने इस किस्से को याद करते हुए पंचम दा की संगीत को लेकर सोच की तारीफ की थी। उनके मुताबिक, एक ही शब्द को अलग-अलग अंदाज में गाने का सुझाव बेहद रचनात्मक था। इससे गाने में एकरसता नहीं आई और हर लाइन का भाव अलग महसूस हुआ।
‘एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा’ फिल्म ‘1942: ए लव स्टोरी’ का गाना है। फिल्म में अनिल कपूर और मनीषा कोइराला मुख्य भूमिकाओं में थे। इसके गीत जावेद अख्तर ने लिखे थे और संगीत आरडी बर्मन ने दिया था।
यह फिल्म आरडी बर्मन की आखिरी फिल्म थी, जो उनके निधन के बाद 1994 में रिलीज हुई। फिल्म के संगीत को काफी पसंद किया गया और ‘एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा’ आज भी हिंदी सिनेमा के सबसे लोकप्रिय रोमांटिक गानों में गिना जाता है।
इस गाने के लिए कुमार सानू को फिल्मफेयर का बेस्ट मेल प्लेबैक सिंगर अवॉर्ड भी मिला था।
यह भी पढ़ें- पेड़ के पीछे साड़ी बदलती थीं काजोल, शाहरुख उठाते थे शूटिंग का सामान, 21 लोगों की टीम ने ऐसे बनाई थी यह फिल्म