
मनोरंजन डेस्क। सैफ अली खान को जान से मारने की धमकी मिली है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह धमकी उनको जिशान अख्तर से मिली है, जो कथित तौर पर लॉरेंस गैंग का हिस्सा है। बता दें कि जिशान का नाम बाबा सिद्दीकी मर्डर केस में भी सामने आया था।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। यह धमकी सच में जिशान अख्तर की ओर से आई है या कोई फेक अकाउंट है, इस बात की पुष्टि अब तक नहीं हुई है।
जिशान अख्तर बाबा सिद्दीकी मर्डर केस के आरोपियों में से एक है। अक्टूबर 2024 में मुंबई के बांद्रा इलाके में, बाबा सिद्दीकी की उनके बेटे जीशान सिद्दीकी के दफ्तर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्या ने राजनीतिक और मनोरंजन जगत में हलचल मचा दी, खासकर इसलिए क्योंकि बाबा सिद्दीकी के सलमान खान सहित कई बॉलीवुड हस्तियों के साथ करीबी संबंध थे।
इस हत्या में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम आने से बॉलीवुड हस्तियों को मिल रही धमकियों की ओर भी सबका ध्यान गया। मुंबई पुलिस ने इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई को कथित मास्टरमाइंड बताया। जबकि जांचकर्ता अभी भी आरोपियों और उनके साथियों की भूमिकाओं की जांच कर रहे हैं।
दरअसल, जनवरी में सैफ पर जानलेवा हमला हुआ था। एक घुसपैठिया देर रात उनके घर में घुसा था और सैफ पर चाकू से कई बार वार किए। इसमें सैफ के गले और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आई थीं। इसके बाद सैफ खुद छोटे बेटे जेह के साथ लीलावती हॉस्पिटल पहुंचे थे, जहां उनकी सर्जरी हुई। हमले के दो दिन बाद पुलिस ने हमलावर को गिरफ्तार कर लिया था।
यह पहली बार नहीं हौ कि किसी सेलेब को लॉरेंस गैंग की ओर से धमकी मिली है। इससे पहले इससे पहले 11 जून को पश्चिमी दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में पंजाबी गायक गुरु रंधावा के जिम के बाहर दो बाइक सवारों ने फायरिंग की थी। मौके से पुलिस ने सात खाली कारतूस बरामद किए थे।
इसी तरह 1 फरवरी को मुंबई में फिल्म रोहित शेट्टी के घर के बाहर भी गोलियां चलाई गई थीं। इस घटना के बाद रणवीर सिंह और सलमान खान के रिश्तेदार आयुष शर्मा को भी धमकियां भेजी गई थीं। इन सभी मामलों में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सामने आया था।
इसके अलावा हाल ही में टाइगर श्रॉफ पर भी फायरिंग का मामला सामने आया था। हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग ने ली थी। मुंबई के जुहू इलाके में मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों ने फायरिंग की। हालांकि, एक्टर को किसी भी तरह की कोई चोट नहीं आई।
दरअसल, 1998 में फिल्म ‘हम साथ-साथ हैं’ की शूटिंग के दौरान जोधपुर के पास कांकाणी गांव में दो काले हिरण के शिकार का मामला सामने आया था। इस मामले में सलमान खान के साथ उनके को-एक्टर्स सैफ अली खान, तब्बू, नीलम और सोनाली बेंद्रे पर भी मुकदमा चला। 2018 में निचली अदालत ने सलमान खान को दोषी ठहराते हुए 5 साल की सजा सुनाई, जबकि बाकी सभी कलाकारों को बरी कर दिया गया। अभी भी यह मामला कोर्ट में विचाराधीन है। इसी के चलते सलमान समय-समय पर कोर्ट में पेश होते रहते हैं।
इसी घटना के बाद से सलमान, गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके गैंग के निशाने पर हैं। बिश्नोई समाज में काले हिरण को बहुत पवित्र माना जाता है। लॉरेंस बिश्नोई का कहना है कि सलमान को इस अपराध के लिए माफी मांग लेना चाहिए। अगर वो ऐसा नहीं करते हैं, तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा।
लॉरेंस गैंग ने कई बार सलमान पर हमले की कोशिश की है। 2024 में मुंबई स्थित उनके घर के बाहर फायरिंग हुई थी। उस वक्त वो घर में ही थे। लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई। लॉरेंस गैंग का कहना है कि जो कोई भी सलमान के साथ काम करेगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। इसी कड़ी में रियलिटी शोज में एक्टर के साथ स्टेज शेयर करने की वजह से कपिल शर्मा और पवन सिंह को भी धमकी मिली थी।
यह भी पढ़ें- पाकिस्तान में भी इंडियाज गॉट लेटेंट, शो का सिर्फ नाम बदला…समय रैना के शो से इंस्पायर्ड होगा पूरा पैटर्न