
मनोरंजन डेस्क। बॉलीवुड की कई सुपरहिट फिल्मों की कहानी लिखने वाले सलीम खान की जिंदगी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं रही। आज उनका जन्मदिन है। 24 नवंबर 1935 को मध्य प्रदेश के इंदौर में जन्मे सलीम खान ने बचपन में परिवार का प्यार और सुख-सुविधाएं देखीं, लेकिन छोटी उम्र में मां को खोने का दर्द भी झेला। जिस शहर में उनका बचपन बीता, उसी इंदौर से निकलकर वह मुंबई पहुंचे और फिल्मी दुनिया में अपनी पहचान बनाने के लिए संघर्ष किया।
सलीम खान का मध्य प्रदेश से खास रिश्ता रहा है। इंदौर की गलियों और वहां बिताए शुरुआती सालों से लेकर मुंबई में अपने दम पर पहचान बनाने तक, उनकी जिंदगी कई उतार-चढ़ाव से गुजरी। आज उन्हें ‘शोले’, ‘दीवार’, ‘जंजीर’ और ‘डॉन’ जैसी फिल्मों के लेखक के तौर पर याद किया जाता है, लेकिन इस मुकाम तक पहुंचने के पीछे कई ऐसे अनुभव रहे, जिनके बारे में कम चर्चा होती है।
सलीम खान का जन्म इंदौर में एक पुलिस अधिकारी के परिवार में हुआ था। उनका परिवार आर्थिक रूप से संपन्न था और बचपन में उन्हें कई सुविधाएं मिलीं। हालांकि, उनकी जिंदगी में एक ऐसा दुख आया, जिसने उनके बचपन को काफी हद तक बदल दिया।
सलीम खान की मां सिद्दीका बेगम को टीबी हो गई थी। उस समय इस बीमारी को लेकर काफी डर था। संक्रमण से बचने के लिए उन्हें परिवार से अलग रखा जाता था। उनकी मां कभी इंदौर तो कभी नैनीताल के पास भवाली में रहती थीं। सलीम खान को भी लंबे समय तक मां से मिलने नहीं दिया गया।
जब उनकी मां का निधन हुआ, तब सलीम खान बहुत छोटे थे। इस घटना ने उनके जीवन पर गहरा असर डाला। बचपन में मां का साथ छूटने के बाद उन्हें परिवार के दूसरे सदस्यों के सहारे बड़ा होना पड़ा।
सलीम खान ने इंदौर में पढ़ाई की। वह क्रिकेट के शौकीन थे और कॉलेज के दिनों में खेल में काफी रुचि रखते थे। उन्होंने होलकर कॉलेज से पढ़ाई की और बाद में क्रिकेट के प्रति अपने जुनून को आगे बढ़ाने के लिए क्रिश्चियन कॉलेज से भी जुड़े।
फिल्मों में काम करने का मौका मिलने के बाद वह मुंबई पहुंचे। यहां शुरुआती दिनों में उनकी जिंदगी बिल्कुल अलग थी। इंदौर में सुविधाओं के बीच पले सलीम खान को मुंबई में रहने के लिए संघर्ष करना पड़ा।
एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि वह मरीन ड्राइव के एक गेस्ट हाउस में रहते थे, जहां आधे कमरे का किराया 55 रुपए महीना था। उनका सपना था कि वह एक दिन पूरा कमरा किराए पर ले सकें, जिसके लिए 110 रुपए देने पड़ते थे। लेकिन उस समय उनकी कमाई इतनी नहीं थी कि वह यह सपना पूरा कर सकें।
उन्होंने घर से पैसे लेने के बजाय खुद संघर्ष करने का फैसला किया। शुरुआत में फिल्मों में छोटे-मोटे किरदार निभाए, लेकिन बाद में उन्हें एहसास हुआ कि अभिनय की जगह लेखन में उनकी ज्यादा संभावनाएं हैं।
सलीम खान के करियर की पहली फिल्म ‘बारात’ थी। इसमें उन्होंने फिल्म स्टार अजीत के छोटे भाई की भूमिका निभाई थी। इस फिल्म की मूल सिनॉप्सिस बुक आज भी इंदौर शहर के जफर अंसारी म्यूजियम ऑफ इंदौर में सुरक्षित है।
सलीम खान का एक अत्यंत दुर्लभ चित्र फिल्म ‘मेरी दुनिया तेरे खेल’ का है। यह फिल्म 1960 के दशक में आई थी। चित्र की खास बात यह है कि इसमें उन्होंने हाथ में चांदी का ब्रेसलेट पहन रखा है। यही चांदी का ब्रेसलेट आज बॉलीवुड सितारे सलमान खान पहनते हैं। यह दुर्लभ चित्र भी इंदौर के जफर अंसारी म्यूजियम ऑफ इंदौर में सुरक्षित है।

पहले सलीम ने एक्टिंग में हाथ आजमाया। फिर बाद में जावेद अख्तर के साथ मिलकर सलीम-जावेद की जोड़ी बनाई। दोनों ने हिंदी सिनेमा को ऐसी कहानियां दीं, जिन्होंने फिल्मों में हीरो की छवि बदल दी।
‘जंजीर’, ‘दीवार’, ‘शोले’, ‘डॉन’, ‘त्रिशूल’ और ‘मिस्टर इंडिया’ जैसी फिल्मों ने उन्हें हिंदी सिनेमा के सबसे प्रभावशाली लेखकों में शामिल कर दिया।
यह भी पढ़ें- सलीम खान की शादी से नाराज थे सलमान के नाना, 5 साल तक नहीं की बात; सोहेल के जन्म पर पहुंचे थे जलेबी लेकर