
मनोरंजन डेस्क, नई दिल्ली। ‘बिग बॉस 20’ के वीकेंड का वार में सलमान खान ने सोशल मीडिया ट्रोलिंग और बॉडी शेमिंग पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने उन लोगों को आड़े हाथों लिया, जो किसी को नीचा दिखाकर सोशल मीडिया पर पैसे कमाते हैं। साथ ही उन्होंने प्रेग्नेंसी के बाद महिलाओं के बढ़ते वजन को लेकर होने वाली ट्रोलिंग पर भी नाराजगी जताई।
दरअसल, शो में कंटेस्टेंट अरिशफा खान और यूट्यूबर ScoutOP के बीच हुए विवाद का जिक्र हुआ। इस दौरान ScoutOP ने अपने यूट्यूब और गेमिंग कम्युनिटी से अरिशफा को लेकर “खत्म कर दो इसको” जैसी बात कही थी।
सलमान ने इसी मुद्दे को उठाते हुए कहा कि किसी को नीचा दिखाकर पैसा कमाना गलत है। उन्होंने कहा कि किसी के लुक, वजन, परिवार, करियर या निजी जिंदगी का मजाक उड़ाना सिर्फ उस व्यक्ति की परवरिश को दिखाता है।
उन्होंने कहा- किसी को नीचा दिखाकर आप पैसे कमा रहे हैं। आप अपनी upbringing दिखा रहे हो।
सलमान ने महिलाओं की पोस्ट प्रेग्नेंसी बॉडी शेमिंग पर भी नाराजगी जताई। हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनकी टिप्पणी ऐसे समय आई है जब हाल ही में कटरीना कैफ को गणपति समारोह में नजर आने के बाद कथित तौर पर बढ़े वजन को लेकर सोशल मीडिया पर ट्रोल किया गया था।
सलमान ने कहा- किसी महिला को प्रेग्नेंसी के बाद क्यों ट्रोल करते हो? प्रेग्नेंट होने के बाद सबका वजन बढ़ता है। वापस फिल्मों में आएगी तो फिट भी हो जाएगी। अगर उसने अपने परिवार के साथ समय बिताना चुना है, तो इसमें गलत क्या है?
सलमान खान ने अपने ऊपर होने वाली ट्रोलिंग का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि लोग अक्सर उनकी उम्र और लुक्स पर टिप्पणी करते हैं। उन्होंने कहा- बूढ़ा हो गया… ऑफ कोर्स 60 साल का हो गया। आप ‘मैंने प्यार किया’ वाला सलमान हर वक्त नहीं देख सकते।
इसके बाद उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर लोग किसी की उम्र और बदलते लुक्स पर टिप्पणी करने की जरूरत क्यों महसूस करते हैं।
एपिसोड के दौरान सलमान खान काफी भावुक और नाराज नजर आए। उन्होंने मंच पर ही अपनी कैप और टी-शर्ट उतार दी। इसके बाद मेकअप आर्टिस्ट को बुलाकर अपने चेहरे से मेकअप भी हटाया।
सलमान का कहना था कि अगर किसी सेलिब्रिटी का लुक समय के साथ बदलता है, तो उसे लेकर लगातार मजाक बनाना सही नहीं है।
सलमान खान ने यह भी दावा किया कि कई बार सोशल मीडिया पर होने वाली ट्रोलिंग के पीछे पैसे देकर चलाए जाने वाले अभियान भी हो सकते हैं।
उन्होंने सवाल किया कि लोग आखिर दूसरों को ट्रोल करके क्या हासिल करना चाहते हैं और क्यों किसी की निजी जिंदगी या शारीरिक बदलावों को निशाना बनाया जाता है।
यह भी पढ़ें- जिसे मां कहते थे, उसी के साथ डेटिंग की खबरें! श्वेता तिवारी-विशाल आदित्य का नाम फिर जुड़ा