
मनोरंजन डेस्क। सोनू निगम 24 अक्टूबर को कर्नाटक में कॉन्सर्ट करने वाले है। लेकिन अब इसका विरोध किया जा रहा है। यह विरोध प्रदर्शन कर्नाटक रक्षण वेदिके (KRV) ने किया है। साथ ही KRV ने कर्नाटक पुलिस को इस इवेंट को मंजूरी न देने की चेतावनी भी दी है। कहा गया है कि अगर यह कॉन्सर्ट हुआ तो पूरे राज्य में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
दरअसल, यह विवाद 2025 का है। एक कॉन्सर्ट के दौरान सिंगर के फैंस उनके कन्नड़ गाना गाने की डिमांड कर रहे थे। तभी सिंगर ने परेशान होकर कहा था- कन्नड़, कन्नड़, कन्नड़, इसी वजह से पहलगाम आतंकी हमला हुआ। इसके बाद सिंगर को धमकियां भी मिली थी। इस बात का खुलासा खुद सोनू निगम ने किया था।
KRV ने कहा कि अगर यह इवेंट होता है, तो पूरे राज्य में विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। बेंगलुरु सिटी पुलिस कमिश्नर को इस मामले में पत्र भी लिखा गया है। लेटर में KRV के प्रदेश अध्यक्ष टी.ए. नारायण गौड़ा ने दावा किया कि सोनू निगम ने कन्नड़ गीत की मांग की तुलना 2025 के पहलगाम आतंकी हमले से की ऐसा कर उन्होंनेकन्नड़ लोगों का अपमान किया है। हमनें पिछले साल उनके खिलाफ शिकायत भी की थी। लेकिन उस पर अब तक कोई एक्शन नहीं हुआ है। कन्नडिगा लोग इस घाव को भूले नहीं हैं।
लेटर में यह भी लिखा था कि उनका यह कमेंट आपत्तिजनक था। कहा- क्या कन्नड़ गाने की डिमांड करना कोई अपराध है? सोनू निगम को यह अधिकार किसने दिया कि वह कन्नड़ भाषा के प्रति प्रेम की तुलना आतंकवादी हमले से करें?
यह विवाद अप्रैल 2025 का है, जब सोनू निगम बेंगलुरु में एक इवेंट में परफॉर्म कर रहे थे। बताया जाता है कि कुछ लोगों ने कन्नड़ गाने गाने की मांग की, जिस पर गायक ने जवाब दिया- कन्नड़, कन्नड़, कन्नड़... इसी वजह से पहलगाम आतंकी हमला हुआ था।
बाद में, सोनू निगम ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर इस विवाद पर अपनी बात रखी। उन्होंने दावा किया कि कॉन्सर्ट के दौरान उन्हें 4-5 गुंडों ने धमकी दी थी। उन्होंने बताया- ये लोग शुरुआत से ही कन्नड़ गाने गाने की मांग कर रहे थे। मेरा शो अभी शुरू भी नहीं हुआ था कि इन लोगों ने मुझे बहुत बदतमीजी से देखा और कन्नड़ गाने गाने की मांग करने लगे।
पहलगाम वाली बात पर सोनू ने कहा था- हमें ऐसे लोगों को याद दिलाना चाहिए कि पहलगाम में लोगों को मारने से पहले उनकी भाषा के बारे में नहीं पूछा गया था। वहां के लोग बहुत अच्छे हैं। मैं अपने हर कॉन्सर्ट में एक घंटे का कन्नड़ गानों का सेट जरूर रखता हूं।