
मनोरंजन डेस्क। जिस उम्र में बच्चे स्कूल जाते हैं, उस उम्र में सरोज खान कैमरे के सामने काम कर रही थीं। महज 3 साल की उम्र में बतौर बाल कलाकार फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा, 13 साल की उम्र में अपने डांस गुरु से शादी की और 14 साल में मां बन गईं। जिंदगी में इतने उतार-चढ़ाव आए कि कई बार लगा उनका सफर यहीं खत्म हो जाएगा, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। आगे चलकर सरोज खान ने माधुरी दीक्षित, श्रीदेवी और ऐश्वर्या राय जैसी अभिनेत्रियों को अपने इशारों पर नचाया और बॉलीवुड की सबसे मशहूर कोरियोग्राफर्स में शामिल हो गईं।
सरोज खान का जन्म 22 नवंबर 1948 को मुंबई में हुआ था। उनका असली नाम निर्मला नागपाल था। उनके माता-पिता भारत-पाकिस्तान विभाजन के बाद पाकिस्तान से भारत आए थे। परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी। पिता के निधन के बाद घर चलाने की जिम्मेदारी भी परिवार पर आ गई।
सरोज खान जब महज 3 साल की थीं, तब उनके माता-पिता उन्हें डॉक्टर के पास लेकर गए। उन्हें लगता था कि बेटी का व्यवहार सामान्य नहीं है, क्योंकि वह अक्सर अपनी परछाई के साथ नाचती रहती थीं। डॉक्टर ने बताया कि बच्ची को कोई बीमारी नहीं है, बल्कि उसे डांस पसंद है।
.jpg)
परिवार की आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण डॉक्टर ने उन्हें फिल्मों में काम दिलाने का सुझाव दिया। इस तरह सरोज ने बाल कलाकार के तौर पर फिल्म इंडस्ट्री में काम शुरू किया। उन्होंने कई फिल्मों में छोटे किरदार निभाए, लेकिन 10 साल की उम्र में बाल कलाकार के तौर पर काम मिलना बंद हो गया।
इसके बाद उन्होंने बैकग्राउंड डांसर के रूप में काम शुरू किया। फिल्म ‘हावड़ा ब्रिज’ के गाने ‘आइए मेहरबान’ में भी वह बैकग्राउंड डांसर के रूप में नजर आई थीं।
सरोज खान की जिंदगी में डांस डायरेक्टर बी. सोहनलाल की एंट्री हुई। वह उनसे करीब 30 साल बड़े थे और पहले से शादीशुदा थे। सरोज ने बताया था कि महज 13 साल की उम्र में सोहनलाल ने उनके गले में काला धागा बांध दिया था और उन्हें लगा कि उनकी शादी हो गई है।
बाद में उन्हें पता चला कि यह शादी कानूनी रूप से मान्य नहीं थी और सोहनलाल पहले से शादीशुदा थे। 14 साल की उम्र में सरोज ने अपने पहले बच्चे को जन्म दिया। इस रिश्ते में उन्हें कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा। बाद में दोनों अलग हो गए।
.jpg)
सरोज खान ने शुरुआत में कोरियोग्राफर बनने का सपना नहीं देखा था। वह डांस डायरेक्टर सोहनलाल की असिस्टेंट थीं। एक बार शूटिंग के दौरान सोहनलाल विदेश चले गए और फिल्म की टीम ने सरोज को गाने की कोरियोग्राफी संभालने के लिए कहा।
उन्होंने यह जिम्मेदारी निभाई और धीरे-धीरे स्वतंत्र कोरियोग्राफर के तौर पर काम मिलने लगा। 1974 में फिल्म ‘गीता मेरा नाम’ से उन्हें स्वतंत्र कोरियोग्राफर के तौर पर पहचान मिली।
हालांकि, असली लोकप्रियता उन्हें 1980 और 1990 के दशक में मिली। ‘एक दो तीन’, ‘धक धक करने लगा’, ‘हवा हवाई’, ‘डोला रे डोला’ और ‘चोली के पीछे क्या है’ जैसे गानों ने उनकी कोरियोग्राफी को अमर बना दिया।
.jpg)
सरोज खान ने माधुरी दीक्षित, श्रीदेवी, ऐश्वर्या राय, काजोल और कई दूसरी अभिनेत्रियों के साथ काम किया। उनकी कोरियोग्राफी सिर्फ डांस स्टेप्स तक सीमित नहीं थी, बल्कि वह गाने में किरदार की भावनाओं को भी डांस के जरिए दिखाती थीं।
उन्होंने तीन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और कई फिल्मफेयर पुरस्कार जीते। 3 जुलाई 2020 को 71 साल की उम्र में उनका निधन हो गया। लेकिन उनके सिखाए स्टेप्स और गानों की कोरियोग्राफी आज भी बॉलीवुड डांस की पहचान बने हुए हैं।
यह भी पढ़ें- रामायणम् ने 14 दिन में ग्लोबली 1500 करोड़ कमाए, धुरंधर 2 को लगे थे 15 दिन; टिकट बिक्री में भी बनाया नया रिकॉर्ड