
मनोरंजन डेस्क। फिल्मों में विलेन के आने से पहले अगर कोई आवाज सुनाई दे और दर्शक समझ जाएं कि अब कुछ खतरनाक होने वाला है, तो यह साउंड डिजाइन का कमाल है। 1975 में आई फिल्म ‘शोले’ ने इस कला को एक अलग स्तर पर पहुंचाया था। अमजद खान के गब्बर सिंह की दहशत सिर्फ उनके संवादों और चेहरे से नहीं बनती थी, बल्कि उनके पीछे बजने वाला अजीब, तीखा और डरावना संगीत भी दर्शकों के मन में बेचैनी पैदा करता था।
इस डर को पर्दे के पीछे तैयार किया था संगीतकार आर.डी. बर्मन यानी पंचम दा और साउंड रिकॉर्डिस्ट मंगेश देसाई की टीम ने। दिलचस्प बात यह है कि गब्बर की पहचान बन चुकी डरावनी धुन तैयार करने के लिए किसी महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण का इस्तेमाल नहीं हुआ था। इसके लिए एक खास तरह का पीतल का बर्तन बनवाया गया था।
अनुपमा चोपड़ा की किताब ‘शोले: द मेकिंग ऑफ अ क्लासिक’ में फिल्म के बैकग्राउंड म्यूजिक से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा मिलता है। किताब के मुताबिक, डायरेक्टर रमेश सिप्पी चाहते थे कि फिल्म के हर अहम किरदार की अपनी अलग संगीत पहचान हो। यानी किरदार पर्दे पर दिखाई न दे, तब भी उसकी मौजूदगी का एहसास संगीत से हो जाए।
गब्बर के लिए एक ऐसी आवाज की जरूरत थी, जो सुनने में तीखी, अजीब और बेचैन करने वाली हो। इसके लिए एक खास पीतल का बर्तन तैयार किया गया। इसके बीच में करीब डेढ़ इंच की एक नली थी और उसके चारों ओर आधा और चौथाई इंच की छोटी नलियां लगाई गई थीं।
.jpg)
जब बीच वाली नली में पानी डाला जाता, तो छोटी नलियों से अलग-अलग सुर निकलते थे। छोटी नलियों से ऊंची और बड़ी नलियों से अपेक्षाकृत धीमी आवाज आती थी। लेकिन इसमें एक परेशानी थी। हर बार पानी डालने पर आवाज अलग निकलती थी।
करीब 15 बार रिकॉर्डिंग करने के बाद आर.डी. बर्मन को वह आवाज मिली जो उन्हें पसंद आई। इसके बाद उस आवाज का लूप तैयार किया गया और उसे सेलो (Cello) के संगीत के साथ मिलाया गया। इस तरह गब्बर की डरावनी थीम तैयार हुई।
‘शोले’ की खासियत यह थी कि इसमें छोटी-छोटी आवाजों को भी कहानी का हिस्सा बनाया गया। बसंती के तांगे की आवाज तैयार करने के लिए साउंड रिकॉर्डिस्ट मंगेश देसाई असली तांगा ही राजकमल स्टूडियो ले आए थे। इससे तांगे की आवाज को वास्तविक रूप में रिकॉर्ड किया जा सका।
फिल्म में जय के सिक्का उछालने वाला दृश्य भी यादगार है। जब जय की मौत के बाद वीरू को पता चलता है कि सिक्के के दोनों तरफ एक ही निशान है, तो वह गुस्से और दुख में सिक्का फेंक देता है। इस छोटे से पल की आवाज को भी खास तरीके से तैयार किया गया था। मंगेश देसाई ने सिक्के को दीवार से टकराया और फिर उसे सीढ़ियों पर लुढ़कने दिया। इससे थिएटर में सिक्के की आवाज गूंजती हुई सुनाई देती थी।
फिल्म के साउंड डिजाइन की एक और खासियत यह थी कि हर जगह बैकग्राउंड म्यूजिक का इस्तेमाल नहीं किया गया। ठाकुर के परिवार के कत्ल के बाद जब वह गांव लौटता है, तो दृश्य में झूले की चरमराहट और घोड़ों की टाप जैसी आवाजें माहौल को और भयावह बना देती हैं। रमेश सिप्पी ने एक इंटरव्यू में बताया था कि इस दृश्य में झूले की आवाज के बीच बाकी माहौल को शांत रखा गया, ताकि गब्बर और उसके गिरोह की वापसी का असर ज्यादा गहरा हो। उनके मुताबिक, फिल्म में खामोशी भी आवाज जितनी ही महत्वपूर्ण थी।
.jpg)
‘शोले’ सिर्फ कहानी और अभिनय के मामले में ही नहीं, तकनीकी स्तर पर भी अपने समय से आगे थी। फिल्म की स्टीरियोफोनिक साउंड मिक्सिंग लंदन के ट्विकेनहैम स्टूडियो में की गई थी। रमेश सिप्पी ने एक इंटरव्यू में बताया था कि फिल्म का यह साउंड अनुभव उस दौर में बिल्कुल अलग था।
फिल्म में गोलियों की आवाज को लेकर भी प्रयोग हुए। मंगेश देसाई ने लंदन में तैयार किए गए साउंड के बाद भारत लौटकर राइफल की आवाजों में बदलाव किया और दर्शकों की पसंद के मुताबिक ‘धिश्क्याऊं’ और ‘धिशूम’ जैसी आवाजें जोड़ीं।
1975 में रिलीज हुई ‘शोले’ कल्ट क्लासिक फिल्मों में गिनी जाती है। इस फिल्म को सलीम जावेद ने लिखा है। वहीं, इसमें लीड रोल में अमिताभ बच्चन, धर्मेंद्र, हेमा मालिनी, जया बच्चन, संजीव कुमार और अमजद खान थे। इस फिल्म को 2 3 करोड़ के बजट में बनाया गया था। वहीं, फिल्म ने 16 करोड़ का कलेक्शन किया था। हाल ही में शोले को 50 साल पूरे हो चुके हैं।ॉ
यह भी पढ़ें- नहीं चली पवन कल्याण की तीसरी शादी! 13 साल बाद लिया तलाक का फैसला, कहा- हमेशा दोस्त रहेंगे