
मनोरंजन डेस्क। बॉलीवुड में जहां एक हिट फिल्म के बाद कलाकारों के पास फिल्मों की लाइन लग जाती है, वहीं श्रद्धा कपूर ने ‘स्त्री 2’ की सफलता के बाद कुछ अलग ही रास्ता चुना। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई की, श्रद्धा की लोकप्रियता भी नई ऊंचाई पर पहुंची, लेकिन उन्होंने इस सफलता के तुरंत बाद अगली फिल्म साइन करने की जल्दबाजी नहीं दिखाई। अब एक्ट्रेस ने खुद बताया है कि उन्होंने कई फिल्मों के ऑफर और मोटी रकम मिलने के बावजूद उन्हें ठुकरा दिया था।
दरअसल, 4 नवंबर को श्रद्धा ने इंस्टाग्राम पर सवाल-जवाब के दौरान अपने करियर से जुड़ा एक अनुभव शेयर किया। उनसे पूछा गया था कि लड़कियों को अपने करियर में आगे बढ़ने के लिए क्या सलाह देंगी? इस पर उन्होंने बताया कि ‘स्त्री 2’ के बाद उन्हें कई फिल्मों के ऑफर मिले थे। इन प्रोजेक्ट्स के लिए अच्छी रकम भी दी जा रही थी, लेकिन उन्होंने तय कर लिया था कि जब तक उन्हें अपनी पसंद की सही कहानी नहीं मिलेगी, तब तक वह कोई फिल्म साइन नहीं करेंगी।
श्रद्धा ने माना कि किसी पसंदीदा प्रोजेक्ट का इंतजार करना आसान नहीं होता। कई बार मनचाहा काम मिलने में समय लगता है, लेकिन अब उन्हें अपने फैसले पर गर्व है। उनका कहना है कि इंसान को अपने दिल की आवाज सुननी चाहिए, भले ही इसके लिए थोड़ा इंतजार करना पड़े।
यह पहली बार नहीं है जब श्रद्धा ने फिल्मों के चुनाव को लेकर अपनी सोच जाहिर की हो। दिसंबर 2024 में भी उन्होंने कहा था कि वह सिर्फ लगातार काम करते रहने के लिए फिल्में नहीं करना चाहतीं। वह ऐसे किरदार निभाना चाहती हैं जो उनके लिए नए हों और जिनकी कहानी उन्हें भीतर से पसंद आए।
इस लंबे इंतजार के बाद श्रद्धा अब लक्ष्मण उतेकर की फिल्म ‘ईथा’ में नजर आने वाली हैं। इसमें वह महाराष्ट्र की मशहूर लावणी कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर का किरदार निभा रही हैं। फिल्म में रणदीप हुड्डा भी अहम भूमिका में हैं। इसकी रिलीज 4 दिसंबर 2026 तय की गई है।
यह भी पढ़ें- ‘मेरे लिए प्रार्थना करें…’, हनुमान अंश के सिंगर सुनील लोधी की आंखों का ट्रीटमेंट शुरू, CM ने किया सपोर्ट