एंटरटेनमेंट डेस्क। भारतीय एनिमेशन सिनेमा में नया इतिहास रच रही फिल्म 'महाअवतार नरसिम्हा' (Mahavatar Narsimha) ने महज छह दिनों में बॉक्स ऑफिस पर तगड़ी पकड़ बना ली है।
25 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म को डायरेक्टर अश्विन कुमार ने निर्देशित किया है। फिल्म भगवान विष्णु के चौथे अवतार नरसिम्हा की कहानी को बेहद शक्तिशाली और उग्र रूप में पेश करती है, जो दर्शकों को गहराई से छू रही है।
फिल्म ने रिलीज के शुरुआती तीन दिनों में ही बड़ा धमाका किया। पहले दिन यानी शुक्रवार को जहां 1.75 करोड़ रुपये की कमाई हुई, वहीं दूसरे दिन 4.6 करोड़ और रविवार को यह आंकड़ा 9.5 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। यह रफ्तार सोमवार और मंगलवार को भी बनी रही। छठे दिन फिल्म ने 4.48 करोड़ रुपये की कमाई की है, जोकि वीकडे के लिहाज से शानदार है।
इस तरह, अब तक फिल्म का कुल कलेक्शन 34.03 करोड़ रुपये हो चुका है। यह आंकड़ा तब और प्रभावशाली हो जाता है जब इसकी तुलना दूसरी बड़ी फिल्मों से की जाए, जैसे कि 'सैयारा', जो एक स्टार-स्टडेड फिल्म है और इसके बावजूद नरसिम्हा जैसी एनीमेशन फिल्म को टक्कर नहीं दे सकी।
'महाअवतार नरसिम्हा' अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय एनीमेशन फिल्म बन चुकी है। इसने 2005 की क्लासिक फिल्म 'हनुमान' को पीछे छोड़ते हुए एक नया कीर्तिमान रच दिया है। सैकनिल्क के अनुसार, फिल्म की सफलता के पीछे दर्शकों का पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ और दमदार कहानी है।
यह फिल्म पैन इंडिया रिलीज़ थी जो हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम जैसी भाषाओं में 2D और 3D में आई। 15.55 करोड़ रुपये का सबसे ज्यादा कलेक्शन हिंदी वर्जन से हुआ है। वहीं, तेलुगु वर्जन ने 5.57 करोड़ और अन्य भाषाओं ने भी योगदान दिया।
फिल्म प्रह्लाद और उनके परम भक्ति की कहानी पर आधारित है। भगवान विष्णु के भक्त प्रह्लाद को जब उनके राक्षस पिता हिरण्यकश्यप से संकट मिलता है, तब भगवान विष्णु नरसिम्हा अवतार में प्रकट होते हैं। यह कथा भारतीय पौराणिकता का अहम हिस्सा है, जिसे फिल्म में शानदार ग्राफिक्स और विजुअल के साथ पेश किया गया है।