
मनोरंजन डेस्क। एक्ट्रेस अनीता आडवाणी ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी कि राजेश खन्ना के साथ उनका रिश्ता पति-पत्नी जैसा था। दोनों ने सीक्रेट शादी भी की थी। इस वजह से उनकी शादी को कानूनी मान्यता मिले। हालांकि, अब (29 अक्टूबर) SC ने उनकी इस याचिका को खारिज कर दिया है।
दरअसल, पहले यह पिटिशन एक्ट्रेस ने बॉम्बे हाईकोर्ट में दाखिल की थी, जहां इसे खारिज कर दिया गया था। इसके बाद 1 अप्रैल को अनीता ने SC में बॉम्बे हाईकोर्ट के इस फैसले को चैलेंज किया था।
PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, SC में सुनवाई के दौरान अनीता आडवाणी की ओर से पेश वकील ने कहा- अनीता सम्मान चाहती हैं। उनके पिटिशन में जो मांग है, वह इसी सम्मान की भावना पर टिकी हुई है।
इसके बाद जस्टिस एम एम सुंदरेश और प्रसन्ना बी वराले की बेंच ने इस मामले में फैसला सुनाया। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा- यह बिना किसी ठोस वजह या असली नुकसान की बात है।
इससे पहले एक्ट्रेस की याचिका बॉम्बे हाईकोर्ट से खारिज हो चुकी है। यह मामला 2017 का है। अनिता ने मुंबई के दिंडोशी सिविल कोर्ट में दावा किया था कि वह राजेश खन्ना के साथ करीब 10 साल तक ‘लिव-इन रिलेशनशिप’ में रहीं। फिर, 2012 में एक्टर की मृत्यु तक यह रिलेशनशिप चला। हालांकि, इस याचिका को सिविल कोर्ट ने खारिज कर दिया था। फिर अनीता ने सिविल कोर्ट के फैसले को बॉम्बे HC में चुनौती दी थी। वहां भी इसे खारिज ही किया गया था।
अनीता ने यह भी दावा किया था कि राजेश खन्ना ने उनसे सीक्रेट शादी की थी। इसी वजह से उनके रिश्ते को वैवाहिक मान्यता मिलनी चाहिए। अनिता ने यह भी आरोप लगाया था कि राजेश खन्ना की मौत के बाद उन्हें एक्टर के बंगले आशीर्वाद से जबरन बाहर निकाल दिया गया था। इसके बाद ही उन्होंने प्रोटेक्शन ऑफ वूमेन फ्रॉम डोमेस्टिक वायलेंस एक्ट, 2005 के तहत कपाड़िया परिवार के खिलाफ केस दर्ज कराया था।
हालांकि, 2015 में हाईकोर्ट की एक अन्य बेंच ने इस केस को भी खारिज कर दिया था। कोर्ट ने कहा था कि अनिता का रिश्ता ‘शादी जैसे संबंध’ (relationship in the nature of marriage) की कैटेगरी में नहीं आता।
राजेश खन्ना की पत्नी डिंपल कपाड़िया, बेटी ट्विंकल खन्ना और दामाद अक्षय कुमार ने अनीता का विरोध किया था। फैमिली का कहना था-अनिता आडवाणी का राजेश खन्ना से न तो शादी का रिश्ता था और न ही ऐसा कोई संबंध था जिसे कानूनी रूप से मान्यता दी जा सके।
यह भी पढ़ें- कैमरा चलने से पहले ही बन गई थी रणबीर कपूर की ‘रामायणम्’! हर सीन का हुआ था वर्चुअल ट्रायल