
मनोरंजन डेस्क। एक तरफ मिस यूनिवर्स का ताज, दूसरी तरफ मां बनने का फैसला। सुष्मिता सेन ने अपनी जिंदगी में ऐसे कई फैसले लिए, जो उस दौर में आसान नहीं थे। कभी मिस यूनिवर्स में हिस्सा लेने के लिए पासपोर्ट की परेशानी से जूझीं, तो कभी समाज और कानूनी अड़चनों के बीच सिंगल मदर बनने का फैसला किया। खास बात यह है कि उनकी दूसरी बेटी अलीसा 19 नवंबर को ही घर आई थी, यानी सुष्मिता के जन्मदिन पर।
सुष्मिता सेन का जन्म 19 नवंबर 1975 को हैदराबाद में हुआ था। मॉडलिंग से करियर शुरू करने वाली सुष्मिता ने साल 1994 में मिस यूनिवर्स का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। वह यह खिताब जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं। लेकिन इस मुकाम तक पहुंचने का रास्ता इतना आसान नहीं था।
साल 1994 में सुष्मिता ने मिस इंडिया जीता था। इसके बाद उन्हें मिस यूनिवर्स में भारत का प्रतिनिधित्व करना था। लेकिन प्रतियोगिता से ठीक पहले उनका पासपोर्ट मिलने में परेशानी आ गई। सुष्मिता ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उनका पासपोर्ट इवेंट कोऑर्डिनेटर के पास था और समय पर नहीं मिल रहा था।
इस बीच मिस इंडिया के आयोजकों ने उनसे मिस वर्ल्ड में हिस्सा लेने और ऐश्वर्या राय को मिस यूनिवर्स में भेजने का विकल्प भी रखा। सुष्मिता ने इससे इनकार कर दिया। उनका कहना था कि उन्होंने मिस इंडिया का खिताब जीता है, इसलिए वह मिस यूनिवर्स में ही हिस्सा लेंगी।
आखिरकार उनके पिता की मदद से पासपोर्ट की समस्या सुलझी। सुष्मिता ने मिस यूनिवर्स का ताज अपने नाम किया। इस जीत के बाद वह देशभर में चर्चा में आ गईं।
सुष्मिता की जिंदगी का एक और बड़ा फैसला साल 2000 में आया। उस समय वह महज 24 साल की थीं, जब उन्होंने रेने नाम की बच्ची को गोद लिया। उस दौर में किसी अविवाहित महिला के लिए बच्चा गोद लेना आसान नहीं था। सुष्मिता ने बताया था कि उन्होंने 21 साल की उम्र में ही मां बनने का फैसला कर लिया था, लेकिन कानूनी प्रक्रिया में समय लगा।
हाल ही में एक बातचीत में उन्होंने बताया कि रेने को गोद लेने की कानूनी लड़ाई 21 से 24 साल की उम्र तक चली। इस दौरान उन्हें डर रहता था कि कहीं अदालत बच्ची को उनसे अलग न कर दे। उन्होंने यह भी बताया कि उनके पिता ने इस पूरे सफर में उनका साथ दिया।
सुष्मिता ने साल 2010 में दूसरी बेटी अलीसा को गोद लिया। इसके लिए उन्हें करीब 10 साल तक कानूनी लड़ाई लड़नी पड़ी। उन्होंने बताया था कि 17 नवंबर को केस का फैसला उनके पक्ष में आया और 19 नवंबर को, अपने जन्मदिन पर, अलीसा उनके घर आई।
सुष्मिता ने कई मौकों पर कहा है कि मां बनने के बाद उन्होंने अपने करियर से ज्यादा बेटियों के साथ समय बिताने को प्राथमिकता दी। उन्होंने फिल्मों से लंबा ब्रेक लिया और बाद में ‘आर्या’ जैसी वेब सीरीज से दमदार वापसी की।
उनकी जिंदगी की ये कहानियां बताती हैं कि सुष्मिता सेन की पहचान सिर्फ मिस यूनिवर्स या अभिनेत्री तक सीमित नहीं रही। उन्होंने अपने फैसलों से उस समय की सामाजिक सोच को चुनौती दी, जब सिंगल मदर बनने का फैसला आज की तुलना में कहीं ज्यादा मुश्किल माना जाता था।
यह भी पढ़ें- पाकिस्तान में भी इंडियाज गॉट लेटेंट, शो का सिर्फ नाम बदला…समय रैना के शो से इंस्पायर्ड होगा पूरा पैटर्न