
मनोरंजन डेस्क। वेटरन गजल सिंगर तलत अजीज के जुहू स्थित घर पर शुक्रवार (2 अक्टूबर) रात आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि डुप्लेक्स अपार्टमेंट धुएं से भर गया। वहीं, वहां मौजूद लोगों को दम घुटने की समस्या हुई। इसके बाद तलत और अन्य 4 लोगों को भारतीय आरोग्य निधि हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसमें सिंगर की पत्नी बीना और 2 बेटे अदनान और सिकंदर सिंह भी शामिल थे। हालांकि, सभी का इलाज हो चुका है। शनिवार शाम सभी को डिस्चार्ज कर दिया गया था।
दरअसल, तलत अजीज लंबे समय से अपने परिवार के साथ जुहू में रह रहे हैं। उनकी पत्नी एक जानी-मानी पेंटर है।
शुक्रवार रात करीब 10.56 बजे पांच मंजिला इमारत में आग लगने की खबर मिली। TOI सिटी के मुताबिक, आग ग्राउंड फ्लोर पर मौजूद बिजली की वायरिंग और इंस्टॉलेशन तक फैल गई। इस घटना में एक सोफा और स्प्लिट एयर-कंडीशनर भी जल गए। मुंबई फायर ब्रिगेड ने तुरंत कार्रवाई की और रात 11.58 बजे तक आग पर काबू पा लिया। अधिकारियों ने अभी तक यह पता नहीं लगाया है कि आग किस वजह से लगी।
वहीं, तलत का कहना है- शुक्रवार रात 11.00 बजे अचानक भीषण आग लग गई। मैं नीचे हॉल में टीवी देख रहा था और बीना ऊपर थीं। हॉल में लगा एक एयर-कंडीशनर, जो चालू भी नहीं था, उसमें स्पार्क हुआ और आग लग गई।
आगे तलत ने कहा- कुछ ही मिनटों में आग पर्दों तक फैल गई और घना काला धुआं बाहर निकलने लगा। मुझे कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। मैं अपनी पत्नी बीना की सुरक्षा को लेकर डरा हुआ था और उसे आवाज लगा रहा था। वह ऊपर बाथरूम में भागी, शावर चालू किया और खिड़की से मदद के लिए आवाज लगाई। एक पड़ोसी सीढ़ी लगाकर ऊपर चढ़ा और खिड़की से बीना को बचाया। दम घुटने की वजह से हमें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शनिवार को छुट्टी मिली।
इसके अलावा उन्होंने पुलिस, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस को भी धन्यवाद कहा।
आग लगने की असल वजह का अभी तक पता नहीं चल पाया है। फायर विभाग के अधिकारी अभी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि घर के अंदर आग कैसे लगी। घटना की सूचना मिलने के करीब एक घंटे के भीतर ही आग पर काबू पा लिया गया। उम्मीद है कि अधिकारी आग लगने की वजह का पता लगाने के लिए प्रभावित बिजली के सिस्टम और दूसरी जगहों की जांच करेंगे।
गजल संगीत में तलत अजीज का करियर
तलत अजीज एक गजल गायक, संगीतकार और एक्टर के तौर पर जाने जाते हैं। अपने लंबे करियर के दौरान उन्होंने कई हिंदी फिल्मों में प्लेबैक सिंगिंग भी किया है। उनकी फिल्मों के गानों में 'उमराव जान' (1981) का "जिंदगी जब भी" शामिल है। उन्होंने 'बाजार' (1982) के लिए "फिर छिड़ी रात" गाना भी गाया।
यह भी पढ़ें- इलेक्शन कैंपेन में पारंपरिक शर्ट-वेष्टि... लेकिन शपथ ग्रहण में काला सूट, क्या थी थलपति विजय के इस अनोखे बदलाव की वजह?