
मनोरंजन डेस्क। उत्तराखंड कैबिनेट मंत्री उनियाल ने पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी से माफी मांग ली है। इस बात का खुलासा मीका सिंह टीम ने किया है। टीम ने कहा कि अब यह मामला सुलझ जाएगा। दलेर मेहंदी हमेशा से सम्मान और गरिमा के हकदार हैं।
दरअसल, कुछ दिन पहले ही कैबिनेट मंत्री ने आरोप लगाया था कि दलेर मेहंदी शराब पीकर परफॉरमेंस दे रहे थे। इसके अलावा उन्होंने कहा था- सर, मैं आपसे हाथ जोड़कर विनती करता हूं... कृपया मंच से नीचे उतर जाइए। इसके उनके भाई मीका सिंह उनके सपोर्ट में सामने आए थे। उन्होंने कहा कि अगर कभी दलेर मेहंदी को शराब पीते हुए देखा गया, तो वे खुद शराब पीना छोड़ देंगे।
इसके अलावा कई और सेलेब्स जैसे अनुपम खेर, राजपाल यादव, कपिल शर्मा, बादशाह और शान सामने आए थे।
मीका सिंह की टीम ने स्टेटमेंट जारी करते हुए कहा- सुबोध उनियाल जी ने उस दुर्भाग्यपूर्ण घटना को लेकर दलेर मेहंदी पाजी से फोन पर बातचीत के दौरान माफी मांगी है। कलाकारों और उनके सम्मान का ख्याल रखना बेहद जरूरी है। दलेर पाजी एक वरिष्ठ कलाकार हैं, जिन्होंने संगीत उद्योग में बहुत बड़ा योगदान दिया है, और हर कलाकार सम्मान पाने का हकदार है।
बयान में आगे कहा गया- हमें उम्मीद है कि अब इस मामले को यहीं पीछे छोड़ा जा सकता है। सभी लोग आपसी सम्मान और समझ के साथ आगे बढ़ सकते हैं।
यह घटना तब सामने आया है जब शुक्रवार को मीका सिंह ने कहा कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनियाल की ओर से माफी मांगी है। इस वजह से ही वह इस विवाद को और आगे नहीं बढ़ाना चाहते।
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस विवाद पर बात करते हुए, मीका ने धामी के साथ हुई अपनी बातचीत का जिक्र किया। कहा- आज सुबह ही मेरी बात मेरे बड़े भाई, मेरे करीबी दोस्त और ऐसे व्यक्ति से हुई जिनका मैं बहुत सम्मान करता हूं - उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी। जब भी मैं देहरादून जाता हूं, वे मुझसे बहुत गर्मजोशी से मिलते हैं और स्वभाव से बेहद सरल हैं। उन्होंने जिस तरह से दलेर पाजी और मुझसे बात की, वह बहुत ही विनम्र और शालीन थी। उन्होंने मंत्री की ओर से माफी मांगी, जबकि मैंने उनसे कहा कि इसकी कोई जरूरत नहीं थी, क्योंकि उनकी तो कोई गलती ही नहीं थी।
दरअसल, कहा जा रहा था कि सिंगर ने कथित तौर पर शराब पीकर परफॉर्म किया था। इस पर उन्हें सभी लोगों के सामने MLA उनियाल ने कहा था- नवरात्र के मौके पर दुर्गा माता का कार्यक्रम हो रहा है, और आप शराब पीकर गा रहे हैं । यह बिल्कुल भी ठीक नहीं है। हमने आपको इसलिए बुलाया था ताकि हमारे लोग मनोरंजन कर सकें, लेकिन आप तो हमें बेवकूफ बना रहे हैं। यह गलत है, बिल्कुल गलत है। आपका काफी नाम है, हमें उसका सम्मान करना चाहिए। आपको इसीलिए बुलाया गया था क्योंकि आपका बड़ा नाम है। सर, मैं आपसे हाथ जोड़कर विनती करता हूं... कृपया मंच से नीचे उतर जाइए। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
यह भी पढ़ें- ‘अगर किसी ने कभी दलेर मेहंदी को शराब पीते देखा हो…’ दलेर मेहंदी के सपोर्ट में आए मीका सिंह, बोले- मैं गाना छोड़ दूंगा