
मनोरंजन डेस्क। बॉलीवुड में जीनत अमान को उनके ग्लैमर, बेबाक अंदाज और शानदार एक्टिंग के लिए याद किया जाता है। लेकिन उनकी जिंदगी का एक ऐसा पहलू भी है, जो उन्हें मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से जोड़ता है। जीनत के पिता अमानुल्लाह खान का रिश्ता भोपाल के शाही परिवार से था। इतना ही नहीं, उन्होंने हिंदी सिनेमा की दो क्लासिक फिल्मों ‘मुगल-ए-आजम’ और ‘पाकीजा’ के डायलॉग और स्क्रीनप्ले भी लिखा था। दिलचस्प बात यह है कि जीनत ने अपने पिता के नाम ‘अमान’ को ही अपनी फिल्मी पहचान बना लिया।
जीनत अमान का जन्म 19 नवंबर 1951 को मुंबई में हुआ था। उनके पिता अमानुल्लाह खान और मां वर्धिनी सिंधिया की मुलाकात मुंबई में एक पार्टी के दौरान हुई थी। जीनत ने 2023 में फादर्स डे पर सोशल मीडिया पर अपने पिता को याद करते हुए बताया था कि उनके पिता का परिवार भोपाल में रहता था और वह आठ भाई-बहनों में से एक थे।
जीनत के मुताबिक, उनके पिता अमानुल्लाह खान की मां अख्तर जहां बेगम, भोपाल रियासत के आखिरी नवाब हमीदुल्लाह खान की फर्स्ट कजिन थीं। यानी जीनत का पैतृक परिवार भोपाल के नवाबी खानदान से जुड़ा हुआ था।
अमानुल्लाह खान को उनके जानने वाले ‘अमान साहब’ कहते थे। जीनत ने बताया था कि उनके पिता और उनके चचेरे भाई अल नासिर हिंदी फिल्मों में अपनी किस्मत आजमाने के लिए भोपाल से मुंबई आ गए थे। यहीं एक पार्टी में उनकी मुलाकात वर्धिनी सिंधिया से हुई। दोनों ने जल्द ही शादी कर ली, लेकिन इस रिश्ते को दोनों परिवारों की मंजूरी नहीं मिली। इसकी वजह यह थी कि वर्धिनी हिंदू थीं और अमानुल्लाह मुस्लिम परिवार से आते थे।
अमानुल्लाह खान ने शुरुआत में एक्टिंग की दुनिया में भी काम किया, लेकिन बाद में लेखन को अपना पेशा बना लिया। उन्होंने ‘मुगल-ए-आजम’ और ‘पाकीजा’ जैसी फिल्मों के स्क्रीनप्ले और डायलॉग लिखने में योगदान दिया। वह उर्दू के अच्छे जानकार और शायर भी थे।
जीनत ने अपने पोस्ट में बताया था कि उनके पिता ने उनके लिए भी कई कविताएं लिखीं। उन्हें कहानियां सुनाया करते थे। उनके पास आज भी पिता की लिखी उर्दू कविताओं की एक किताब है, जिसे वह कभी अनुवाद कराकर प्रकाशित करना चाहती हैं।
जीनत के माता-पिता उनके बचपन में ही अलग हो गए थे। वह अपनी मां के साथ रहीं, जबकि उनके पिता मुंबई के बांद्रा इलाके में रहने लगे। जीनत ने बताया था कि वह पिता के साथ लंबी सैर पर जाती थीं, जहां वह उन्हें आइसक्रीम खिलाते और कविताएं सुनाते थे।
जब जीनत स्कूल में थीं, तभी 41 साल की उम्र में उनके पिता का निधन हो गया। उन्हें अफसोस रहा कि बड़े होने के बाद पिता को और करीब से जानने का मौका नहीं मिला। जीनत का असली नाम जीनत खान था, लेकिन उन्होंने पिता के लेखन नाम ‘अमान’ को अपना सरनेम बना लिया। इस तरह उनके लिए ‘जीनत अमान’ नाम सिर्फ एक फिल्मी पहचान नहीं, बल्कि पिता की याद को हमेशा अपने साथ रखने का तरीका भी बन गया।
यह भी पढ़ें- इंदौर में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में झूमे हजारों फैंस, 'गोट' से 'बॉर्न टू शाइन' तक गूंजा स्टेडियम