
लाइफस्टाइल डेस्क। नवरात्र, दशहरा, दीपावली और इसके बाद शुरू होने वाले शादी के सीजन को देखते हुए शहर की महिलाएं फिटनेस को लेकर अभी से तैयारी में जुट गई हैं।
त्योहारों और शादी समारोहों में पसंदीदा परिधान पहनकर स्लिम और आकर्षक दिखने के लिए महिलाएं जिम, योग और नियमित व्यायाम का सहारा ले रही हैं।
कई महिलाएं खानपान में बदलाव कर रही हैं तो कुछ त्वचा की देखभाल के लिए पार्लर और घरेलू उपाय अपना रही हैं। विशेषज्ञों के अनुसार कम समय में फिट दिखने के लिए क्रैश डाइट या अचानक बहुत अधिक व्यायाम करने की बजाय नियमित दिनचर्या जरूरी है।
योग विशेषज्ञ साधना त्यागी के अनुसार त्योहारों तक फिट रहने के लिए रोजाना 30 मिनट योग या व्यायाम करना उपयोगी है। सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, त्रिकोणासन और पवनमुक्तासन जैसे सामान्य योगासन किए जा सकते हैं। लंबे समय तक बैठने की बजाय बीच-बीच में थोड़ा चलना भी जरूरी है। योग और व्यायाम की शुरुआत अपनी क्षमता के अनुसार करनी चाहिए और अचानक कठिन अभ्यास करने से बचना चाहिए।
विशेषज्ञों के अनुसार त्योहारों से कुछ दिन पहले वजन घटाने या त्वचा में तुरंत निखार लाने की कोशिश करने की बजाय अभी से खानपान, योग-व्यायाम और त्वचा की देखभाल पर ध्यान देना बेहतर है। नियमित दिनचर्या से बिना किसी जल्दबाजी के फिटनेस और त्वचा दोनों पर काम किया जा सकता है।
Fitness Tips: फिटनेस के लिए युवाओं में बढ़ा जिम का क्रेज, लेकिन इन चार टिप्स फालो करें मिलेगा फायदा
त्वचा पर नए प्रयोग से बचें
त्योहारों से पहले त्वचा की नियमित सफाई और देखभाल जरूरी है। पर्याप्त पानी पीने के साथ घर पर बेसन और दही का हल्का लेप लगाया जा सकता है। तैलीय त्वचा के लिए मुल्तानी मिट्टी और रूखी त्वचा के लिए दही या शहद का इस्तेमाल किया जा सकता है। त्योहारों से ठीक पहले चेहरे पर कोई नया कॉस्मेटिक, फेशियल या त्वचा उपचार कराने से बचना चाहिए, खासकर यदि त्वचा संवेदनशील है। नए उत्पाद का इस्तेमाल करने से पहले पैच टेस्ट करना जरूरी है। धूप में निकलते समय सनस्क्रीन लगाएं और त्वचा पर किसी भी तरह की एलर्जी, लालिमा या जलन होने पर घरेलू प्रयोग करने की बजाय विशेषज्ञ की सलाह लें।
सरिता श्रीवास्तव, ब्यूटी एक्सपर्ट
हल्का भोजन लें, चाय और मिठाई पर करें नियंत्रण
वजन नियंत्रित करने के लिए एक-दो बार में बहुत अधिक खाना खाने की बजाय थोड़ी-थोड़ी देर में हल्का भोजन लेना चाहिए। तरल पदार्थ अधिक लें और सब्जियों को सूप के रूप में भी डाइट में शामिल किया जा सकता है। अंडा और मछली खाने वाले लोग इन्हें भी संतुलित मात्रा में डाइट में शामिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में चाय का सेवन बढ़ जाता है। वहीं गणेशोत्सव के दौरान मिठाइयां भी अधिक खाई जा रही हैं। अब इन पर नियंत्रण करना जरूरी है। सफेद चीनी का अधिक सेवन स्वास्थ्य के लिए ठीक नहीं है। चाय का ज्यादा सेवन भी कम करना चाहिए।
रश्मि श्रीवास्तव, डायटिशियन