_m.webp)
हेल्थ डेस्क, इंदौर। बारिश के मौसम में बढ़ी नमी, फंगस, धूल, प्रदूषण और वायरल संक्रमण के कारण नाक बंद होना, साइनस में दर्द, एलर्जिक राइनाइटिस और साइनसाइटिस जैसी समस्याएं काफी बढ़ जाती हैं। यदि समय पर इनका इलाज न कराया जाए तो संक्रमण लंबे समय तक बना रह सकता है। साथ ही दैनिक जीवन को प्रभावित कर सकता है।
सांस लेने में तकलीफ, नाक से खून आना, सिरदर्द, नाक की हड्डी टेढ़ी होना, लगातार छींक आना या नाक से पानी बहने जैसी समस्याएं होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। यह सलाह नाक, कान और गला रोग विशेषज्ञ (ENT Specialist) डॉ. अरविंद किंगर ने बुधवार को नईदुनिया कार्यालय में 'हेलो डॉक्टर' कार्यक्रम के दौरान ऑडियंस के सवालों का जवाब देते हुए दी।
डॉ. अरविंद किंगर ने बताया कि साइनसाइटिस दो प्रकार का होता है-
यदि नाक में मस्से (पॉलिप्स) या फंगस हो, तो दवाइयों के साथ सर्जरी अनिवार्य हो जाती है। इसके अलावा, यदि नाक के अंदर की हड्डी टेढ़ी हो तो उसे दूरबीन पद्धति से ठीक किया जा सकता है। वहीं, यदि नाक की हड्डी अंदर और बाहर दोनों तरफ से टेढ़ी हो तो 'राइनोप्लास्टी' (प्लास्टिक सर्जरी) के माध्यम से इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है।
डॉक्टर के अनुसार, जब शरीर का इम्यून सिस्टम (रोग प्रतिरोधक क्षमता) किसी हानिरहित बाहरी तत्व (एलर्जीन) पर अत्यधिक प्रतिक्रिया करता है, तब एलर्जी होती है।
प्रमुख कारण: हवा में मौजूद धूल-मिट्टी, परागकण (पॉलेन), पालतू जानवरों के झड़े हुए बाल या रूसी, नमी वाली जगहों पर पनपने वाले फंगस, कुछ दवाइयां (जैसे पेनिसिलिन) और कुछ खाद्य पदार्थ (मूंगफली, दूध, अंडा, सी-फूड)।
प्रमुख लक्षण: लगातार छींक आना, नाक बंद होना या पानी बहना, आंखों में जलन, लालिमा व पानी आना, सूखी खांसी, गले में खराश और त्वचा पर चकत्ते पड़ना।
1. सवाल: पिछले तीन साल से साइनस की समस्या है, आंखों से पानी आता है और छींकें आती हैं?
जवाब: यह एलर्जिक राइनाइटिस के लक्षण हैं। आपको सीटी स्कैन और एलर्जी टेस्ट कराना चाहिए। डॉक्टर की सलाह से नेजल स्प्रे लें। यदि इसका समय पर इलाज न हो तो आगे चलकर अस्थमा (दमा) का रूप ले सकता है।
2. सवाल: नाक से पानी बहता है और लगातार छींकें आती हैं?
जवाब: यह स्पष्ट रूप से एलर्जी की समस्या है। डॉक्टर से जांच कराकर एलर्जी टेस्ट व सीटी स्कैन करवाएं और सलाह अनुसार नेजल स्प्रे का इस्तेमाल करें।
3. सवाल: पांच साल से लगातार सर्दी और नाक बंद होने की परेशानी है?
जवाब: पांच साल से समस्या बनी हुई है तो तुरंत जांच कराएं। सीटी स्कैन और नेजल एंडोस्कोपी की आवश्यकता हो सकती है। ज्यादा तकलीफ होने पर सर्जरी की नौबत भी आ सकती है।
4. सवाल: नहाने के बाद लगातार छींकें आती हैं और नाक बहने लगती है?
जवाब: यह नाक की एलर्जी (नेजल एलर्जी) के कारण होता है। ठंडे मौसम या नहाने के साबुन से भी यह ट्रिगर हो सकता है। डॉक्टर की सलाह पर नेजल स्प्रे का प्रयोग करें और एलर्जी टेस्ट कराएं।
5. सवाल: मौसम बदलते ही नाक बार-बार बंद हो जाती है?
जवाब: मौसम परिवर्तन के कारण ऐसा होता है। राहत के लिए गर्म पानी की भाप (Steam) लें और एलर्जी की दवा लें। आराम न मिलने पर डॉक्टर को दिखाएं।
6. सवाल: साइनस का ऑपरेशन हो चुका है, फिर भी सर्दी की समस्या बनी हुई है?
जवाब: ऑपरेशन के बाद भी समस्या है तो आपको अपना इम्यून सिस्टम मजबूत करना होगा। दोबारा सीटी स्कैन कराएं और दूसरी बार ऑपरेशन के बारे में सोचने से पहले पूरा मेडिकल एग्जामिनेशन करवाएं।
यह भी पढ़ें- क्या आपके बच्चे की मेंटल हेल्थ अच्छी है…स्वभाव में बदलाव हमेशा नॉर्मल नहीं, माता-पिता कैसे समझें बच्चे की भावनाएं?