
लाइफस्टाइल डेस्क। किशोरावस्था जीवन का ऐसा महत्वपूर्ण दौर है, जिसमें बच्चों के शरीर के साथ उनकी सोच, भावनाओं और व्यवहार में भी कई बदलाव आते हैं। 10 से 19 वर्ष की उम्र के बीच होने वाले ये बदलाव विकास की स्वाभाविक प्रक्रिया हैं। इस दौरान सही खानपान, स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और परिवार का सहयोग किशोरों के बेहतर भविष्य की नींव रखते हैं। किशोरियों में 11 से 13 वर्ष की उम्र के बीच मासिक धर्म की शुरुआत होती है।
15 से 16 वर्ष की उम्र तक मासिक धर्म शुरू नहीं होने पर भी जांच करानी चाहिए। इसके पीछे हार्मोनल असंतुलन या आनुवंशिक कारण हो सकते हैं। किशोरियों में पालीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम (पीसीओएस) भी एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य समस्या है।
अस्वस्थ खानपान, मोटापा और शारीरिक गतिविधियों की कमी इसके जोखिम को बढ़ा सकते हैं। इस उम्र में हार्मोनल बदलावों के कारण भावनात्मक अस्थिरता भी हो सकती है। पढ़ाई का दबाव, अच्छे अंक लाने की चिंता, दोस्तों से तुलना और सोशल मीडिया का अनुचित उपयोग तनाव, चिंता और अवसाद का कारण बन सकते हैं।
ऐसे में परिवार और शिक्षकों की जिम्मेदारी है कि वे बच्चों से खुलकर बातचीत करें और उन्हें व्यक्तिगत सुरक्षा, आपसी सम्मान तथा यौन स्वास्थ्य की सही जानकारी दें।
दोस्तों के दबाव या जिज्ञासा में किशोर तंबाकू, शराब और ई-सिगरेट जैसी नशीली चीजों की ओर भी आकर्षित हो सकते हैं। इससे बचाव के लिए जागरूकता जरूरी है। संतुलित भोजन, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद और मोबाइल का सीमित उपयोग किशोरों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
डाॅ. विभूति ठाकुर, स्त्री रोग विशेषज्ञ का कहना है कि शुरुआती दो वर्षों में पीरियड्स अनियमित होना सामान्य है, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव, बार-बार महावारी आना, तेज पेट दर्द या लंबे समय तक पीरियड्स नहीं आने पर चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है।