
हेल्थ डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली के सत्य निकेतन में पांच मंजिला इमारत गिरने के बाद राहत और बचाव अभियान खत्म हो चुका है, लेकिन हादसे का असर अभी खत्म नहीं हुआ है। इस हादसे में 7 लोगों की मौत हुई और 12 लोगों को मलबे से सुरक्षित निकाला गया। करीब 27 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बचाव दलों ने अभियान खत्म किया। हादसे के बाद आसपास की एक अन्य इमारत को भी खतरनाक घोषित किया गया। अब उसका नियंत्रित तरीके से ध्वस्तीकरण किया जा रहा है।
ऐसे में स्पेशलिस्टों की चिंता सिर्फ मलबे में दबे लोगों की चोटों तक सीमित नहीं है। कंक्रीट और निर्माण सामग्री की धूल, मलबे के संपर्क और हादसे को देखने या उसमें फंसने से पैदा हुआ मानसिक सदमा भी लोगों की सेहत को प्रभावित कर सकता है। कुछ लोगों में इसका असर हादसे के कई दिन या हफ्तों बाद भी नजर आ सकता है।
इमारत गिरने के दौरान कंक्रीट, सीमेंट, प्लास्टर और दूसरी निर्माण सामग्री के महीन कण हवा में फैल सकते हैं। मलबा हटाने और आसपास की इमारतों को गिराने के दौरान भी धूल का स्तर बढ़ सकता है।
कार्डियोलॉजी स्पेशलिस्ट के मुताबिक, हृदय रोग, हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, पहले हार्ट अटैक या अन्य हृदय संबंधी जोखिम वाले लोगों के लिए धूल और पार्टिकुलेट मैटर का संपर्क ज्यादा चिंता का विषय हो सकता है। इसके अलावा अचानक बड़ी मात्रा में प्रदूषक कणों के संपर्क में आने से शरीर में सूजन और तनाव बढ़ सकता है, जिसका असर ब्लड प्रेशर और रक्त वाहिकाओं की कार्यप्रणाली पर पड़ सकता है।
वहीं फेफड़ों से जुड़ी समस्या वाले लोगों में धूल के कारण खांसी, घरघराहट और सांस लेने में परेशानी बढ़ सकती है।
इमारत गिरने के दौरान शरीर पर भारी मलबा गिरने से सिर्फ हड्डियों में फ्रैक्चर ही नहीं, बल्कि मांसपेशियों को भी गंभीर नुकसान हो सकता है।
मलबे से निकाले गए लोगों में कई तरह के फ्रैक्चर और शरीर के बीच वाले हिस्से यानी axial skeleton की चोटें देखी जा सकती हैं। लंबे समय तक मलबे में दबे रहने की स्थिति में रैब्डोमायोलिसिस जैसी गंभीर समस्या भी हो सकती है। इसमें क्षतिग्रस्त मांसपेशियां तेजी से टूटने लगती हैं। उनके अंदर मौजूद पदार्थ खून में पहुंच सकते हैं, जिससे किडनी समेत दूसरे अंग प्रभावित हो सकते हैं।
इसलिए मलबे से निकाले गए व्यक्ति को बाहर से ठीक दिखने के बावजूद मेडिकल जांच की जरूरत हो सकती है।
किसी आपदा का असर सिर्फ उन लोगों पर नहीं पड़ता जो सीधे उसके शिकार हुए हों। हादसे के गवाह, परिवार के सदस्य, बचावकर्मी और आसपास रहने वाले लोग भी डर, बेचैनी, सदमा, दुख और भावनात्मक सुन्नपन महसूस कर सकते हैं। किसी व्यक्ति को शुरुआत में ऐसा लग सकता है कि वह अभी भी उसी घटना के बीच है। तेज आवाज, इमारत का हिलना, मलबे की तस्वीर या हादसे की कोई याद दोबारा डर पैदा कर सकती है।
हालांकि, हर व्यक्ति जिसे ट्रॉमा होता है, उसे PTSD यानी पोस्ट-ट्रॉमेटिक स्ट्रेस डिसऑर्डर हो, यह जरूरी नहीं है। कई लोग समय के साथ सामान्य स्थिति में लौट आते हैं।
सत्य निकेतन दिल्ली का बड़ा छात्र और युवा प्रोफेशनल इलाका है। ऐसे में वहां रहने वाले कई छात्रों के लिए यह हादसा सिर्फ एक खबर नहीं, बल्कि उनके अपने आसपास की सुरक्षा को लेकर बड़ा झटका हो सकता है। जिस जगह को वे अपना घर और सुरक्षित जगह मानते थे, उसी इलाके में इमारत गिरने की घटना से सुरक्षा का भरोसा हिल सकता है।
इसका असर पढ़ाई, नींद, रोजमर्रा की दिनचर्या, दोस्तों से बातचीत और बाहर निकलने की इच्छा तक पर पड़ सकता है।
सोशल मीडिया के दौर में हादसे की तस्वीरों और वीडियो से दूर रहना मुश्किल है। लेकिन बार-बार वही मलबा, लोगों को निकालने के वीडियो और हादसे से जुड़ी खबरें देखना दिमाग को लगातार उसी घटना के संपर्क में रख सकता है।
अगर किसी व्यक्ति को लगातार अपडेट देखने के बाद बेचैनी या डर बढ़ता हुआ महसूस हो, तो कुछ समय के लिए सोशल मीडिया और हादसे से जुड़ी तस्वीरों से दूरी बनाना मददगार हो सकता है। हर अपडेट जानना जरूरी नहीं है, खासकर तब जब वह आपकी मानसिक स्थिति को और खराब कर रहा हो।
जिन लोगों ने इस हादसे में दोस्त, साथी, परिवार के सदस्य या किसी करीबी को खोया है, उनके लिए दुख से बाहर निकलना आसान नहीं होता।
कुछ लोगों में survivor’s guilt यानी बच जाने को लेकर अपराधबोध भी पैदा हो सकता है। उन्हें बार-बार लग सकता है कि वे क्यों बच गए या क्या वे कुछ ऐसा कर सकते थे जिससे दूसरे व्यक्ति को बचाया जा सकता।
ऐसे विचार बेहद परेशान करने वाले हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में काउंसलिंग और मानसिक स्वास्थ्य स्पेशलिस्ट की मदद लेना उपयोगी हो सकता है।
स्पेशलिस्ट के मुताबिक, ऐसे समय में कुछ छोटी-छोटी चीजें व्यक्ति को स्थिर रहने में मदद कर सकती हैं-
यह भी पढ़ें- समय से पहले आने लगे पीरियड्स, तो हो सकता है कैंसर, PCOS का भी खतरा; जीन्स में यह दिक्कत तो डॉक्टर को दिखाना जरूरी…