
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। आज घर तेजी से स्मार्ट हो रहे हैं। इसी को देखते हुए घर में सजावट के लिए स्मार्ट समान पर भी खासा ध्यान दिया जा रहा है। ऐसा ही एक बदलाव अब शेंडलियर यानी शेंडलियर में देखने को मिल रहा है। यही वजह है कि बाजार में स्मार्ट शेंडलियरों की मांग तेजी से बढ़ रही है।
पहले जहां शेंडलियर का काम कमरे में रोशनी फैलाना और सजावट बढ़ाना होता था, वहीं अब ये घर की थीम के हिसाब से रंग बदलने और अलग-अलग तरह के लाइट इफेक्ट देने का काम भी कर रहे हैं।
काइनेटिक एनर्जी, क्रिस्टल, एलईडी और मेटलिक शेंडलियर लोगों को पसंद आ रहे हैं। इनकी कीमत डिजाइन, आकार और तकनीक के हिसाब से तय होती है। कुछ शेंडलियर हजारों रुपये में मिल जाते हैं, जबकि खास डिजाइन वाले शेंडलियरों की कीमत लाखों रुपये तक पहुंच जाती है।
स्मार्ट शेंडलियरों की खासियत यह है कि इन्हें जरूरत और पसंद के हिसाब से चलाया जा सकता है। कई शेंडलियरों में रिमोट की मदद से रोशनी कम या ज्यादा करने, रंग बदलने और लाइट का पैटर्न चुनने की सुविधा मिलती है। कुछ माडल में मोबाइल फोन से भी रोशनी को कंट्रोल किया जा सकता है। इससे एक ही कमरे में अलग-अलग समय पर अलग माहौल बनाया जा सकता है।

इंटीरियर डिजाइनर दिव्या शर्मा के अनुसार, अब लोग घर की सजावट में ऐसी चीजें पसंद कर रहे हैं, जो देखने में सुंदर होने के साथ उपयोग में भी आसान हों। इसी को देखते हुए ड्राइंग रूम, डाइनिंग एरिया और घर के बड़े हाल में ऐसे शेंडलियर लगाए जा रहे हैं।
वे बताती हैं कि काइनेटिक एनर्जी शेंडलियर अपनी अलग बनावट और मूवमेंट के कारण लोगों का ध्यान खींचते हैं। इनमें मोटर और सेंसर की मदद से शेंडलियर के कुछ हिस्से ऊपर-नीचे या अलग-अलग दिशा में घूम सकते हैं। इससे रोशनी के साथ बदलता हुआ डिजाइन दिखाई देता है। कुछ शेंडलियरों में अलग-अलग रंगों की एलईडी लाइट भी लगी होती हैं।
इन शेंडलियरों का इस्तेमाल बड़े घरों, होटलों, रिसार्ट और मैरिज हाल में अधिक किया जाता है। इनकी कीमत करीब 50 हजार रुपये से शुरू होकर 30 लाख रुपये तक जा सकती है। कीमत शेंडलियर के आकार, उसमें लगी तकनीक और डिजाइन पर निर्भर करती है। घर में इन्हें लगवाने से पहले छत की ऊंचाई और वजन सहने की क्षमता का ध्यान रखना जरूरी होता है।

एलईडी शेंडलियर उन लोगों के लिए अच्छा विकल्प हैं, जो कम बिजली खर्च करने के साथ घर को नया लुक देना चाहते हैं। इनमें रिंग, स्पाइरल, वेव और गोल आकार के डिजाइन मिलते हैं। कुछ शेंडलियरों में एक से ज्यादा रिंग होती हैं, जिन्हें अलग-अलग ऊंचाई पर लगाया जाता है। इससे छत पर सुंदर डिजाइन बनता है। कई एलईडी शेंडलियरों में सफेद, पीली और हल्की गर्म रोशनी के विकल्प मिलते हैं। कमरे में पढ़ने या काम करने के लिए तेज रोशनी और आराम के समय हल्की रोशनी का इस्तेमाल किया जाता है।
Diwali Decoration: गुलदाउदी, गेंदा, पेटूनिया व पिटूनिया जैसे मौसमी फूलों से सजाएं घर की बालकनी और छत
आधुनिक सजावट वाले घरों में मेटलिक शेंडलियर भी पसंद किए जा रहे हैं। इनमें लोहे, कापर और ब्रांज जैसे मटेरियल का उपयोग होता है। गोल, चौकोर और दूसरी ज्योमेट्रिक आकृतियों वाले डिजाइन इनकी खासियत हैं। इनका उपयोग डाइनिंग टेबल के ऊपर, रसोई के पास बने काउंटर और छोटे ड्राइंग रूम में किया जा सकता है।
विशेषज्ञों के अनुसार, घरों में लगाए जाने वाले स्मार्ट शेंडलियरों का रखरखाव आसान होता है। इनमें एलईडी लाइट का इस्तेमाल होने से बिजली की खपत कम होती है और ये लंबे समय तक चलते हैं। पारंपरिक बल्बों की तुलना में एलईडी लाइट 70 प्रतिशत तक कम बिजली खर्च कर सकती हैं। इन शेंडलियरों में गर्मी भी कम पैदा होती है, जिससे इन्हें घरों में उपयोग करना सुविधाजनक होता है।