
नईदुनिया प्रतिनिधि इंदौर। दीपावली पर घरों में रोशनी के साथ आसमान में रंगीन आतिशबाजी देखने का उत्साह भी रहता है। इस बार पटाखों के बाजार में यह उत्साह कुछ नए अंदाज में नजर आने वाला है।
अब तक लक्ष्मी बम, सुतली बम, अनार और चकरी जैसे पारंपरिक पटाखों का इस्तेमाल करने वाले लोगों के लिए बाजार में कई अनोखे विकल्प आए हैं।
इनमें सेल्फी स्टिक, गिटार और म्यूजिकल गन जैसे पटाखे खास हैं। इनके नाम ही नहीं, बल्कि इनसे निकलने वाली रोशनी, संगीत और फव्वारों का अंदाज भी इन्हें दूसरे पटाखों से अलग बनाता है।
.jpg)
फायरवर्क्स के संचालक राजकुमार बालचंदानी बताते हैं कि इस बार बाजार में तीन नए आइटम खास तौर पर आए हैं। इनमें सेल्फी स्टिक में चमकने वाली लाइट और विशेष प्रकाश प्रभाव देखने को मिलता है।
गिटार नाम के पटाखे में संगीत के साथ अलग-अलग तरह के लेजर फव्वारे निकलते हैं। बच्चों के लिए म्यूजिकल गन भी आई है, जिसमें पटाखे के साथ संगीत का अनुभव मिलता है। उनके अनुसार, ये तीनों इस बार के नए और खास आइटम हैं।
Diwali Firecrackers: मिठाई के डिब्बे में सजे पटाखे, चॉकलेट का होगा मीठा धमाका

पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए सीड क्रैकर्स का चलन भी देखने को मिल रहा है। ये सामान्य पटाखों की तरह जलाए नहीं जाते, बल्कि मिट्टी में दबाकर पानी देने पर इनमें मौजूद बीजों से पौधे उगाने का उद्देश्य है। अनार, चकरी और राकेट जैसे आकार में तैयार किए गए ये उत्पाद आतिशबाजी से अलग एक नया प्रयोग हैं।
इस तरह इस बार पटाखों का बाजार केवल तेज आवाज और रोशनी तक सीमित नहीं है। संगीत, लेजर, नए आकार और अलग-अलग दृश्य प्रभावों के जरिए पटाखों को नया रूप दिया जा रहा है। हालांकि पटाखे खरीदते समय प्रमाणित उत्पादों का ही चयन करना चाहिए और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करना जरूरी है।