
लाइफस्टाइल डेस्क। दीपावली पर अपनों को मिठाई खिलाकर खुशियां बांटने की परंपरा अब नए अंदाज में बदल रही है। त्योहार के बाजार में इस बार मिठाइयों के साथ ड्राईफ्रूट्स, चाॅकलेट, स्नैक्स और हेल्दी फूड्स के आकर्षक गिफ्ट हैंपर लोगों को लुभा रहे हैं।
उपहार देने के बदलते चलन का असर बाजार पर भी दिखाई दे रहा है। मिठाई और बेकरी की दुकानों पर अब पारंपरिक मिठाइयों के साथ अलग-अलग बजट के गिफ्ट पैक सजाए गए हैं।
कारोबारियों के मुताबिक, कारपोरेट कंपनियों से लेकर आम ग्राहकों तक में ऐसे पैक की मांग बढ़ी है, जिन्हें आकर्षक तरीके से पैक कर आसानी से उपहार में दिया जा सकता है। पहले दीपावली से कई दिन पहले मिठाइयों के बड़े आर्डर मिलने लगते थे।
अब कंपनियां अपने कर्मचारियों और व्यावसायिक सहयोगियों को देने के लिए ड्राईफ्रूट्स, चाकलेट और अन्य खाद्य उत्पादों के काम्बिनेशन वाले पैक भी पसंद कर रही हैं।
मिठाई कारोबारियों ने भी ग्राहकों की पसंद को देखते हुए अपनी दुकानों पर गिफ्ट हैंपर के अलग-अलग विकल्प तैयार किए हैं।
मिठाई खाने के लिए भूखे रहने से बचें, एक साथ कई तरह की मिठाइयां खाने के बजाय थोड़ी मात्रा में खाएं
बाजार में 500 रुपये से लेकर 10 हजार रुपये तक के गिफ्ट आइटम उपलब्ध हैं। इनमें ड्राईफ्रूट्स के डिब्बे, चाकलेट हैंपर, प्रीमियम स्नैक्स और अलग-अलग खाद्य उत्पादों के काम्बिनेशन शामिल हैं। छोटे बजट में बच्चों के लिए टाफी, चाकलेट, बिस्कुट और वेफर्स के पैक भी पसंद किए जा रहे हैं। वहीं, महंगे गिफ्ट हैंपर को आकर्षक डिब्बों, टोकरियों और विशेष आकार की पैकेजिंग में तैयार किया गया है। इनकी कीमत सामग्री, ब्रांड, मात्रा और सजावट के आधार पर तय होती है।
त्योहार पर मिठाइयों की गुणवत्ता और उनमें मिलावट की आशंका के बीच कुछ ग्राहक ऐसे खाद्य विकल्प भी तलाश रहे हैं, जिन्हें अपेक्षाकृत बेहतर विकल्प माना जाता है। बाजार में ड्राईफ्रूट्स, जूस पैक, डायट बिस्किट और शुगर-फ्री कुकीज जैसे उत्पादों के गिफ्ट पैक उपलब्ध हैं। इनकी कीमत करीब 200 रुपये से लेकर एक हजार रुपये तक बताई जा रही है।
मिठाई और बेकरी कारोबारियों के अनुसार, कारपोरेट सेक्टर में ड्राईफ्रूट्स, चाकलेट और मिठाइयों के काम्बिनेशन वाले गिफ्ट पैक की मांग है। ऐसे पैक की कीमत एक हजार से पांच हजार रुपये तक है। इनमें कुछ कंपनियां तैयार पैक चुन रही हैं, जबकि कई ग्राहक अपनी पसंद की मिठाइयां बनवाकर विशेष पैकिंग करा रहे हैं। आकर्षक पैकेजिंग और लंबे समय तक सुरक्षित रखे जा सकने वाले उत्पादों को प्राथमिकता देने से भी गिफ्ट हैंपर का चलन बढ़ा है।
इस बार बाजार में गिफ्ट हैंपर सिर्फ डिब्बों तक सीमित नहीं हैं। कहीं टोकरी के आकार में तो कहीं नाव की आकृति में इन्हें तैयार किया गया है। रंगीन पन्नी, रिबन और सजावटी डिब्बों से सजे इन हैंपर में चाकलेट, मेवा, टाफी, बिस्कुट, वेफर्स और कोल्ड ड्रिंक जैसे उत्पाद रखे जा रहे हैं। महंगे ब्रांड की चॉकलेट और प्रीमियम ड्राईफ्रूट्स वाले हैंपर की कीमत उनकी सामग्री और सजावट के अनुसार बढ़ जाती है।
लोगों की बजट के हिसाब से बाजार में उपहार मौजूद हैं। इस बार ड्राईफ्रूट्स, चाकलेट और मिठाइयों के काम्बिनेशन वाले गिफ्ट पैक की मांग बढ़ी है।
प्रकाश चौहान, दुकानदार
बाजार में ड्राईफ्रूट्स, जूस पैक, डायट बिस्किट और शुगर-फ्री कुकीज जैसे उत्पादों के गिफ्ट पैक उपलब्ध हैं। इनकी कीमत करीब 200 रुपये से लेकर एक हजार रुपये तक है।
सुनील सोनी, दुकानदार