
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। दीपावली की रोशनी और त्योहारी रौनक के बीच ग्वालियर के सराफा बाजार में भी चमक बढ़ने लगी है। धनतेरस से लेकर शादी-ब्याह के मौसम तक गहनों की खरीदारी को लेकर महिलाओं में खास उत्साह नजर आ रहा है। इस बार पसंद में परंपरा और आधुनिकता का मेल दिखाई दे रहा है। महिलाएं ऐसे आभूषण पसंद कर रही हैं, जिन्हें त्योहारों पर पारंपरिक परिधान के साथ पहनने के अलावा सामान्य दिनों में भी इस्तेमाल किया जा सके। इसी वजह से हल्के वजन के गहनों और आकर्षक डिजाइनों की ओर रुझान बढ़ा है।
बाजार के ट्रेंड की बात करें तो सोने के आभूषणों में छोटे हार, हल्के मंगलसूत्र, नाजुक चेन, पेंडेंट, झुमकी और छोटे आकार के टाप्स पसंद किए जा रहे हैं। रोजमर्रा में पहनने योग्य डिजाइन भी खरीदारी का हिस्सा बन रहे हैं। जिन महिलाओं को पारंपरिक लुक पसंद है, वे कुंदन, पोल्की और मंदिर शैली से प्रेरित डिजाइन देख रही हैं। वहीं, युवतियों में ज्यामितीय आकार, बारीक कारीगरी और कम सजावट वाले आभूषणों का आकर्षण है। हल्के गहनों की खासियत यह है कि वे पहनने में आरामदायक होने के साथ बजट के अनुसार भी चुने जा सकते हैं।
शहर के सराफा व्यापारी मयूर गोयल बताते हैं कि त्योहारों के दौरान ग्राहक ऐसे आभूषण पसंद करते हैं, जिन्हें विशेष अवसरों के साथ सामान्य दिनों में भी पहना जा सके। हल्के हार, चेन, पेंडेंट और छोटे झुमकों में आकर्षक डिजाइन उपलब्ध हैं। महिलाएं गहने खरीदते समय उनके वजन और कीमत का विशेष ध्यान रखती हैं। कम वजन में बेहतर डिजाइन मिलने से हल्के आभूषणों की ओर रुचि बढ़ती है। सोने की खरीदारी में ग्राहक शुद्धता और हॉलमार्क पर भी ध्यान दे रहे हैं।
Diwali Decoration: गुलदाउदी, गेंदा, पेटूनिया व पिटूनिया जैसे मौसमी फूलों से सजाएं घर की बालकनी और छत
शहर के सराफा व्यापारी शरद गोयल का कहना है कि चांदी के आभूषणों में पारंपरिक और एंटीक लुक वाले डिजाइन पसंद किए जा रहे हैं। पायल, बिछिया, कड़े और ऑक्सीडाइज्ड ज्वेलरी में अलग-अलग विकल्प मिल रहे हैं। त्योहारों पर चांदी के सिक्कों की खरीदारी भी की जाती है। ग्राहक अपनी पसंद और बजट के अनुसार आभूषण चुन रहे हैं। इस मौसम में डिजाइन के साथ उपयोगिता को भी महत्व दिया जा रहा है।