
लाइफस्टाइल डेस्क। दिवाली खुशियों और उत्साह का त्योहार है। इस दौरान घरों में तरह-तरह के पकवान बनते हैं और मिठाइयों का दौर चलता है। हालांकि त्योहार की मस्ती में लोग अक्सर अपनी डाइट और फिटनेस के लक्ष्यों को भूल जाते हैं। खानपान में लापरवाही और बदलती दिनचर्या सेहत पर भारी पड़ सकती है।
ऐसे में त्योहार का आनंद लेने के साथ स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी जरूरी है। दिवाली पर सबसे पहले मिठाइयों के सेवन पर नियंत्रण रखें। अधिक मात्रा में मीठा खाने से ब्लड शुगर बढ़ सकता है।
खासतौर पर डायबिटीज के मरीज मिठाइयों का सेवन सीमित रखें। बाजार से मिठाइयां और पकवान खरीदने के बजाय घर पर साफ-सफाई के साथ अपनी स्वास्थ्य जरूरतों के अनुसार व्यंजन तैयार करना बेहतर विकल्प है।
दिवाली पर पटाखों से निकलने वाला धुआं अस्थमा, एलर्जी और सांस संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों की परेशानी बढ़ सकता है। इन परेशानियों से जूझ रहे लोगों को सेहत का विशेष ध्यान रखना चाहिए।

गोरा बनाने वाली क्रीम में छिपा हो सकता है स्टेराइड, रूप चौदस पर नकली कास्मेटिक्स से बचें
घर के अंदर हवा की गुणवत्ता बेहतर रखने के लिए एयर प्यूरीफायर का उपयोग कर सकते हैं। पब्लिक हेल्थ एक्सपर्ट, डाॅ. निशांत गुप्ता का कहना है कि नेबुलाइजर का इस्तेमाल केवल डाॅक्टर की सलाह पर करें।
वहीं, हृदय रोगियों को शराब और धूम्रपान से पूरी तरह दूरी रखनी चाहिए। त्योहार के दौरान नियमित दवाएं, पर्याप्त नींद और शारीरिक सक्रियता बनाए रखें।
छोटी सावधानियां आपकी दिवाली को सेहतमंद बना सकती हैं। त्योहारी सीजन में अपनी फिटनेस की अनदेखी न करें और नियमित व्यायाम जैसे वाकिंग, रनिंग, स्वीमिंग के लिए वक्त जरूर निकालें।
