
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। घुटनों से चट-चट की आवाज आना, हाथ-पैरों में सूजन, कंधे का पूरा ऊपर न उठ पाना और जोड़ों में लगातार दर्द को अक्सर लोग उम्र या थकान का असर मानकर अनदेखा कर देते हैं। ये लक्षण जोड़ों, मांसपेशियों या हड्डियों से जुड़ी परेशानी का संकेत भी हो सकते हैं।
समय पर जांच और उचित उपचार से समस्या बढ़ने से रोकी जा सकती है। नईदुनिया के हेलो डाॅक्टर कार्यक्रम में मंगलवार को बिरलानगर सिविल अस्पताल में पदस्थ हड्डी एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ डाॅ. हरेन्द्र प्रताप सिंह ने पाठकों के सवालों के जवाब दिए। उन्होंने हड्डियों और जोड़ों की समस्याओं के कारण, सावधानियों और उपचार की जानकारी दी।

सवाल- घुटनों से चट-चट की आवाज आती है? राकेश कुशवाह, मुरैना
जवाब- घुटनों से आवाज आने के कई कारण हो सकते हैं। आवाज के साथ दर्द, सूजन या चलने-फिरने में परेशानी न हो तो सामान्यतः घबराने की जरूरत नहीं है। दर्द या अकड़न होने पर आस्टियोआर्थराइटिस सहित जोड़ों की अन्य समस्याओं की जांच कराएं।
सवाल- पैरों में सूजन आ जाती है? राम सिंह रावत, भितरवार
जवाब- लंबे समय तक खड़े रहने, चोट या जोड़ों की परेशानी के अलावा नसों और शरीर के अन्य अंगों की समस्याओं से भी पैरों में सूजन हो सकती है। सूजन लगातार बनी रहे तो चिकित्सक से जांच कराएं।
सवाल- हाथों में सूजन आ रही है? जहूर अहमद, शिवपुरी
जवाब- हाथों में सूजन चोट, संक्रमण या जोड़ों में सूजन के कारण हो सकती है। सुबह उंगलियों में अकड़न या सूजन के साथ दर्द हो तो जांच कराना जरूरी है। समस्या लंबे समय तक बनी रहे तो विशेषज्ञ से परामर्श लें।
सवाल- कंधा पूरा नहीं उठता? बाबूलाल, मुरार, ग्वालियर
जवाब- कंधा ऊपर न उठने की वजह फ्रोजन शोल्डर या मांसपेशियों और कंधे के टेंडन की परेशानी हो सकती है। हाथ उठाने और पीछे ले जाने में दिक्कत होती है। जांच के बाद दवाओं और फिजियोथेरेपी से उपचार किया जा सकता है।
कम उम्र में कमजोर पड़ रहा शरीर, घुटने और कमर दर्द की शिकायत, अभी संभलने का वक्त
सवाल- घुटनों में दर्द हो रहा है? रवि माहौर, ग्वालियर
जवाब- उम्र, वजन बढ़ना, जोड़ों की चिकनाई कम होना या आस्टियोआर्थराइटिस घुटनों के दर्द की वजह हो सकते हैं। वजन नियंत्रित रखें और नियमित हल्का व्यायाम करें। दर्द लगातार रहे, सूजन हो या चलने में परेशानी हो तो एक्स-रे और चिकित्सकीय जांच कराएं।
सवाल- चार-पांच दिन से हाथ में दर्द हो रहा है? मोहर सिंह, ग्वालियर
जवाब- हाथ में दर्द मांसपेशियों में खिंचाव, नसों पर दबाव, चोट या जोड़ों की समस्या से हो सकता है। दर्द किस हिस्से में है और किस गतिविधि से बढ़ता है, यह जानना जरूरी है। दर्द लगातार बना रहे तो जांच कराएं।
सवाल- गर्दन के पीछे सूजन आ रही है? रामसिंह, ग्वालियर
जवाब- गर्दन के पीछे सूजन गांठ, संक्रमण, त्वचा के नीचे चर्बी जमा होने या अन्य कारणों से हो सकती है। सूजन कब से है, दर्द है या नहीं और उसका आकार बढ़ रहा है या नहीं, इसकी जांच जरूरी है। चिकित्सकीय सलाह के बिना मालिश या दबाव न डालें।