कम उम्र में कमजोर पड़ रहा शरीर, घुटने और कमर दर्द की शिकायत, अभी संभलने का वक्त
कम उम्र में हृदय संबंधी समस्याओं के मामले सामने आने और बढ़ती उम्र में गर्दन, कमर व घुटनों के दर्द जैसी शिकायतों के बीच जीवनशैली पर ध्यान देना जरूरी हो गया है।
Publish Date: Sat, 24 Oct 2026 09:44:00 AM (IST)Updated Date: Sat, 24 Oct 2026 09:52:07 AM (IST)
घुटने और कमर दर्द की समस्या।HighLights
- अनियमित दिनचर्या, असंतुलित खानपान और व्यायाम से दूरी से बढ़ रहे रोग।
- किशोर एवं युवावस्था शरीर को मजबूत बनाने के लिहाज से महत्वपूर्ण होती है।
- नियमित योग और व्यायाम से मांसपेशियों की मजबूती हासिल की जा सकती है।
लाइफस्टाइल डेस्क। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में युवा करियर और जिम्मेदारियों के बीच अपनी सेहत को पीछे छोड़ रहे हैं। देर रात तक जागना, अनियमित खानपान और शारीरिक गतिविधियों की कमी धीरे-धीरे शरीर को कमजोर बना सकती है।
कम उम्र में हृदय संबंधी समस्याओं के मामले सामने आने और बढ़ती उम्र में गर्दन, कमर व घुटनों के दर्द जैसी शिकायतों के बीच जीवनशैली पर ध्यान देना जरूरी हो गया है।
मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित स्टेट एलाइड हेल्थ इंस्टीट्यूट के संचालक डाॅ. अजय फौजदार के अनुसार, मांसपेशियों की कमजोरी भी शारीरिक परेशानियों का एक कारण हो सकती है।
किशोर एवं युवावस्था शरीर को मजबूत बनाने के लिहाज से महत्वपूर्ण होती है। इस दौरान नियमित योग और व्यायाम से मांसपेशियों की मजबूती और शारीरिक क्षमता को बेहतर बनाया जा सकता है।
किशोरावस्था से ही सक्रिय जीवनशैली अपनाने पर आगे चलकर जोड़ों से जुड़ी परेशानियों का जोखिम कम करने में मदद मिल सकती है।
Health Tips: घुटनों व कमर दर्द की परेशानी से छुटकारा पाना है तो नियंत्रित रखें वजन
![naidunia_image]()
जिम्मेदारियां बढ़ीं, सेहत पीछे छूटी
- डॉ. फौजदार बताते है कि उम्र बढ़ने और जिम्मेदारियां आने के साथ अक्सर लोग भोजन, नींद और व्यायाम को लेकर लापरवाह हो जाते हैं।
- लंबे समय तक स्वस्थ रहने के लिए समय पर सोना-जागना, संतुलित भोजन करना और नियमित शारीरिक गतिविधि जरूरी है।
- हर उम्र में शरीर की जरूरतें अलग होती हैं, इसलिए खानपान और व्यायाम भी उसी के अनुरूप होना चाहिए।
- पानी पर्याप्त मात्रा में पीएं और भोजन में दाल, दूध-दही, फल, सब्जियां तथा अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थ शामिल करें।
- सामान्य रूप से अपनी क्षमता के अनुसार योग और हल्का व्यायाम उपयोगी हो सकता है।
- वहीं, प्रोटीन, विटामिन और अन्य पोषक तत्वों की जरूरत व्यक्ति की उम्र, गतिविधि और स्वास्थ्य पर निर्भर करती है।
- इसके लिए आहार विशेषज्ञ की सलाह लेना बेहतर है। स्वस्थ जीवनशैली के लिए धूम्रपान और मद्यपान जैसे नशों से दूरी बनाना जरूरी है।
9 घंटे सोने का लक्ष्य रखें, भारी व्यायाम से बचें
- व्यस्क व्यक्ति अपनी क्षमता के अनुसार प्रतिदिन करीब तीन किलोमीटर पैदल चलने का लक्ष्य रख सकते हैं।
- व्यायाम करते समय सांस फूलने, चक्कर आने या असामान्य थकान होने पर रुकना चाहिए। सामान्यतः वयस्कों को सात से नौ घंटे की नींद लेने का लक्ष्य रखना चाहिए।
- फिटनेस की चाह में कई लोग जिम में भारी डंबल उठाने और ताकत बढ़ाने वाले व्यायाम करने लगते हैं।
- 30 की आयु पार करने के बाद अचानक बिना उचित मार्गदर्शन के भारी व्यायाम करने से बचना चाहिए। गलत तकनीक और क्षमता से अधिक भार उठाने पर चोट का खतरा बढ़ सकता है।
- इसी तरह, बिना विशेषज्ञ की सलाह के शरीर की जरूरत से अधिक प्रोटीन सप्लीमेंट लेने के बजाय संतुलित आहार और नियमित व्यायाम को प्राथमिकता दें।
- याद रखें, सेहत किसी एक दिन की मेहनत से नहीं, बल्कि रोज की छोटी-छोटी अच्छी आदतों से बनती है।
Pain Relief Home Remedies: कमर और घुटने के दर्द से परेशान हैं तो ऐसे तैयार करें ये घरेलू नुस्खा