
लाइफस्टाइल डेस्क। दिनभर की भागदौड़ के बाद जब इंसान बिस्तर पर जाता है, तो उम्मीद होती है कि कुछ ही मिनटों में नींद आ जाएगी। लेकिन कई लोग जानते हैं कि हकीकत इससे बिल्कुल उलट होती है नींद आंखों से कोसों दूर और दिमाग तेज रफ्तार से भागता हुआ। शरीर थका होता है, पर नींद… वो गायब!
अक्सर हम इसे तनाव या थकान का नतीजा मान लेते हैं, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि देर रात लिया गया गलत खाना भी आपकी नींद को बिगाड़ने वाला सबसे बड़ा कारण हो सकता है। नींद सिर्फ आराम नहीं, बल्कि शरीर का ‘रिचार्ज मोड’ है। यह गड़बड़ा जाए तो अगला दिन सुस्त, चिड़चिड़ा और थकान भरा हो जाता है।
ऐसे में यह जानना जरूरी है कि कौन-से फूड आपकी नींद के दुश्मन बन जाते हैं। यहां जानिए वे 5 चीजें जिन्हें सोने से पहले खाने से बचना ही बेहतर है-
रात में ज्यादा मसाले, लाल मिर्च या तला हुआ मसालेदार भोजन पेट में गर्मी और जलन पैदा कर देता है। इससे एसिडिटी बढ़ती है और सीने में भारीपन रहता है। नतीजा नींद देर से आती है या आती ही नहीं।
स्वाद भले ही मीठा हो, पर असर कड़वा पड़ता है। चॉकलेट में मौजूद कैफीन और शुगर दिमाग को एक्टिव कर देते हैं। खासकर डार्क चॉकलेट जो कैफीन में और भी ज्यादा होती है नींद का पूरा चक्र बिगाड़ सकती है।
कॉफी, कोल्ड कॉफी, ग्रीन टी, एनर्जी ड्रिंक इन सबमें मौजूद कैफीन 6 से 8 घंटे तक असर करता है। यानी शाम को लिया एक कप कॉफी भी शरीर को ‘स्लीप मोड’ में जाने नहीं देता।
रात में पनीर की भारी डिश, तली हुई चीजें, छोले-भटूरे, पिज्जा या बर्गर खाने से पाचन धीमा हो जाता है। पेट पर बोझ बढ़ता है, और शरीर नींद में भी खाना पचाने में लगा रहता है। ऐसे में गहरी नींद मिलना मुश्किल हो जाता है।
केक, मिठाई, आइसक्रीम जैसी चीजें ब्लड शुगर को तेजी से बढ़ाती हैं। यह ‘शुगर रश’ आपके शरीर को एक्टिव मोड में डाल देता है, जिससे नींद देर से आती है और बार-बार टूटती है।
यह भी पढ़ें- खाने के शौकीन Adnan Sami ने कैसे घटाया 120 किलो वजन? बिना सर्जरी के हो गए स्लिम, जानें क्या थी उनकी डाइट
हल्की भूख लगे तो ये विकल्प बेहतर रहेंगे-
गुनगुना दूध
केला
मुट्ठीभर मेवे
ओट्स
दलिया
ये शरीर को शांत करते हैं और नींद को स्वाभाविक तरीके से बेहतर बनाते हैं।
नींद अच्छी हो तो अगला दिन अपने आप बेहतर हो जाता है। बस रात के खाने में थोड़ी समझदारी आपकी नींद को गहरी, आरामदेह और पूरी तरह सुकूनभरी बना सकती है।