
लाइफस्टाइल डेस्क। त्योहारों के मौसम में मिठाइयों का सेवन बढ़ जाता है, लेकिन अत्यधिक मीठा खाना आपके दांतों के लिए बेहद नुकसानदेह साबित हो सकता है। ज्यादा मीठा खाने से न सिर्फ दांतों में सड़न होती है, बल्कि दांतों पर पीलापन जमा होने से उनकी प्राकृतिक चमक भी खत्म हो जाती है।
जब हम मीठा खाते हैं तो मुंह में मौजूद बैक्टीरिया शुगर को एसिड में बदल देते हैं। यह एसिड दांतों की ऊपरी परत यानी इनेमल को नुकसान पहुंचाता है। लगातार इनेमल कमजोर होने से दांत पीले दिखने लगते हैं और कैविटी का खतरा बढ़ जाता है। मीठा खाने के बाद अगर कुल्ला न किया जाए तो शुगर दांतों पर चिपक जाती है।
इससे प्लाक बनता है, जो धीरे-धीरे पीले रंग की परत के रूप में जम जाता है। यही परत बाद में टार्टर बन जाती है, जिसे सिर्फ डेंटिस्ट ही साफ कर सकता है। चाॅकलेट, टाॅफी, कोल्ड ड्रिंक और चिपचिपी मिठाइयां सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाती हैं। बचाव के लिए मीठा खाने के तुरंत बाद पानी से कुल्ला जरूर करें।
दिन में दो बार ब्रश और एक बार फ्लास करना जरूरी है। ज्यादा मीठा खाने के बाद आधे घंटे तक ब्रश न करें, क्योंकि एसिड के कारण इनेमल साफ्ट होता है।
दांतों में काला निशान और मसूड़ों में सूजन हो तो संभल जाएं, जांच करा ही लें

दंत रोग विशेषज्ञ, डॉ. अखिलेश मूलचंदानी का कहना है कि एक स्वस्थ व्यक्ति फाइबर वाले फल जैसे सेब, गाजर खाएं जो दांतों को प्राकृतिक रूप से साफ करते हैं। हर 6 महीने में डेंटल चेकअप कराएं। मीठा पूरी तरह बंद करने की जरूरत नहीं है, लेकिन मात्रा और समय का ध्यान रखना बेहद जरूरी है।