
हेल्थ डेस्क। बदलता मौसम आंखों से जुड़ी समस्याओं को बढ़ाने का काम करता है। खासतौर पर आंखों में जलन, खुजली और पानी आने जैसी परेशानियां आम होती हैं। ऐसे में जरूरी हो जाता है कि एहतियात बरतने के साथ सही दिनचर्या अपनाई जाए। इसके साथ ही परेशानी की शुरुआत में ही किसी योग्य डॉक्टर से सलाह ले ली जाए, जिससे समस्या बढ़ न सके।
स्क्रीन से बचाव के लिए 20-20-20 का नियम आजकल ज्यादातर लोग एसी में बैठकर घंटों तक लैपटॉप पर काम करते हैं, इससे आंखों में पानी आना, खुजली और लालपन की समस्या होती है। इससे बचाव के लिए 20-20-20 का नियम अपनाना चाहिए। इसके अंतर्गत काम के दौरान हर बीस मिनट के बाद 20 फीट की दूरी पर 20 सेकंड तक देखें। इस ब्रेक के दौरान पलकों को झपकाते रहें, जिससे आंखों के ऊपर आंसू की परत बन सके और सूखापन खत्म हो जाए।
'हेलो डॉक्टर' कार्यक्रम में स्पेशलिस्ट की सलाह फेस्टिव सीजन में आंखों का खास ख्याल रखना आवश्यक होता है। नईदुनिया के हेलो डॉक्टर कार्यक्रम के दौरान पाठकों के सवालों का जवाब देते हुए यह बातें नेत्र रोग स्पेशलिस्ट डॉ. प्रीति रावत ने कहीं। उन्होंने कहा कि इन दिनों में वातावरण में धूल कण, धुआं काफी बढ़ जाते हैं जो आंखों से संबंधित परेशानियों को पैदा कर सकता है। इस बार तापमान बढ़ा हुआ है जो कि आंखों में जलन और खुजली पैदा कर सकता है। इससे बचाव के लिए विटामिन-ए युक्त हरी सब्जियां, फलों का सेवन डाइट में बढ़ाना चाहिए। बच्चों को मोबाइल से दूर रखें और उन्हें आउटडोर एक्टिविटी करने के लिए प्रेरित करें।
सवाल: मेरी आंखों में दिनभर जलन और दर्द बना रहता है, घर पर ठीक रहता हूं, बाहर निकलने पर परेशानी शुरू हो जाती है। यह समस्या पिछले 5-6 सालों से है, क्या करूं? (मोहनलाल चौहान)
जवाब: आंखों में दर्द और जलन का होना कई मामलों में वातावरण में प्रदूषण की वजह से भी होता है। इस तरह की परेशानी आंखों में सूखापन बढ़ने की वजह से भी हो सकती है। आप नियमित लुब्रिकेटिंग आई ड्रॉप डालें और विटामिन-ए से भरपूर सब्जियों और पीले फलों का सेवन शुरू करें।
सवाल: नहाते वक्त आंखों में पानी लगने पर आंसू आने लगते हैं, इसी तरह गाड़ी चलाने पर भी आंसू बहने लगते हैं, इस परेशानी की क्या वजह है? (व्यंकटेश्वर शर्मा)
जवाब: आपने जो लक्षण बताए हैं वो आंखों में संक्रमण के दिखाई दे रहे हैं। यह बैक्टीरियल इंफेक्शन हो सकता है। आप अपनी आंखों की साफ-सफाई का ठीक से ध्यान रखें। गुनगुने पानी में रुई डुबोएं और फिर उसे निचोड़कर आंखों को साफ करें। ऐसा दिन में दो से तीन बार करें। गाड़ी चलाते वक्त हेलमेट या गॉगल पहनें।
सवाल: मेरी उम्र 77 साल है। मौसम में गर्मी बढ़ने पर आंखों में जलन और खुजली चलने लगती है। उम्र के साथ आंखों की रोशनी भी कम हो रही है। (मदन सिंह ठाकुर)
जवाब: मौसम में बदलाव हो रहा है। इस बार पानी कम गिरा है, इसके चलते तापमान ज्यादा बना हुआ है और गर्मी बढ़ने की वजह से आंखों में जलन और खुजली की समस्या हो रही है। इसके अलावा आंखों में आंसू कम हो जाने पर सूखापन बढ़ने लगता है, इस वजह से भी जलन और खुजली होती है। आपको एलर्जी के लक्षण हो सकते हैं।
सवाल: मेरा रात का विजन पहले से कम हो गया है और आंखों से पानी भी आने लगा है। मेरी उम्र 75 साल से ज्यादा है। मुझे शुगर और बीपी की भी शिकायत है। तेज रोशनी में भी ठीक से देखने में दिक्कत आती है। (ओमप्रकाश खंडेलवाल)
जवाब: ब्लड शुगर और हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों की आंखों पर इसका सीधा असर पड़ता है। इससे आंखों के पर्दे पर सूजन आ सकती है। इससे नजर कमजोर हो सकती है। आप किसी योग्य नेत्र रोग स्पेशलिस्ट को दिखाकर आंखों की एंजियोग्राफी करा सकते हैं, जिससे पता लग सकेगा कि पर्दे में सूजन है या नहीं।
सवाल: मेरी उम्र 61 साल है और आंखों से बहुत पानी आता रहता है। कभी-कभी आंखों में जलन भी होने लगती है। मेरा कैंसर का इलाज हुआ है, इसकी वजह से तो ऐसा नहीं? (संध्या शर्मा)
जवाब: आमतौर पर कैंसर के ट्रीटमेंट से आंखों पर इस तरह का प्रभाव नहीं पड़ता है। आपके लक्षणों को देखकर लग रहा है कि एलर्जी की समस्या हो सकती है। आप एंटी-एलर्जी ड्रॉप का इस्तेमाल करें। इसके साथ ही योग्य डॉक्टर के पास जाकर सिरिंजिंग कराएं।
यह भी पढ़ें- Ghettoism क्या है? सोशल मीडिया ट्रेंड्स से कितना अलग है इसका मतलब, जानिए क्यों चर्चा में है यह शब्द