
लाइफस्टाइल डेस्क। त्योहारों पर घर की सजावट से लेकर कपड़े, मोबाइल और घरेलू सामान तक खरीदने के लिए आनलाइन शापिंग का उपयोग बढ़ जाता है। इंटरनेट मीडिया पर दिखने वाली रील्स और विज्ञापनों में भारी छूट देखकर कई लोग बिना ज्यादा जांच-पड़ताल किए आर्डर कर देते हैं। परेशानी तब होती है, जब पैसे कटने के बाद सामान नहीं पहुंचता, पैकेज में गलत या नकली सामान निकलता है या फिर विक्रेता का संपर्क ही बंद हो जाता है। कई बार असली कंपनी के नाम और लोगो का इस्तेमाल कर फर्जी वेबसाइटें भी बनाई जाती हैं।
ऐसे में जरूरी है कि ग्राहक आफर की चमक के बजाय विक्रेता की पहचान, भुगतान के तरीके और सामान लौटाने की शर्तों पर भी ध्यान दें। स्पेशलिस्ट के अनुसार, इंटरनेट मीडिया पर आकर्षक विज्ञापन दिखाकर ग्राहकों से ठगी के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं। कम कीमत में महंगा मोबाइल, ब्रांडेड कपड़े या घरेलू सामान देने का दावा किया जाता है। ग्राहक विज्ञापन में दिए लिंक पर पहुंचते हैं और आर्डर के लिए भुगतान कर देते हैं। इसके बाद न सामान मिलता है, न विक्रेता जवाब देता है। कुछ मामलों में नकली वेबसाइटें ग्राहक की निजी और भुगतान संबंधी जानकारी भी जुटा लेती हैं।
आर्डर से पहले पांच बातों की जांच करें
साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट मृणाल मुखर्जी के अनुसार, वेबसाइट पर कंपनी का नाम, पता और संपर्क नंबर जांचें। इंटरनेट मीडिया पेज नया हो, कमेंट्स बंद हों या संपर्क का कोई भरोसेमंद तरीका न हो तो आर्डर करने से बचना चाहिए। किसी महंगे उत्पाद की कीमत दूसरी वेबसाइटों के मुकाबले बहुत कम है तो आफर की सच्चाई जांचनी चाहिए। रेटिंग अधिक है तो तुरंत फैसला न लें। समीक्षाएं, सामान की तस्वीरें और शिकायतों पर विक्रेता के जवाब भी देखें। सामान वापसी की शर्तें भी पढ़नी चाहिए।
साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट अंगद विश्वकर्मा के अनुसार, भुगतान के बाद सामान नहीं मिलता या आनलाइन खरीदारी के दौरान खाते से धोखाधड़ी होती है, तो संबंधित प्लेटफार्म के आधिकारिक हेल्पसेंटर पर शिकायत की जा सकती है। आनलाइन धोखाधड़ी होने पर 1930 पर भी शिकायत कर सकते हैं। cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज की जा सकती है। खरीदारी, रिफंड या सामान की गुणवत्ता से जुड़ी उपभोक्ता शिकायत के लिए राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन 1915 का भी उपयोग किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- त्योहार पर नए कपड़े खरीदने से दिमाग को खुशी क्यों मिलती है? जानिए शॉपिंग और साइकोलॉजी का कनेक्शन