
लाइफस्टाइल डेस्क। दीवाली पर पटाखों और आतिशबाजी के बाद हवा में धुआं और बारीक कण फैल जाते हैं। इनकी वजह से कई लोगों को आंखों में जलन, खुजली, लालिमा और पानी आने जैसी परेशानी होने लगती है। कुछ लोगों को ऐसा महसूस होता है जैसे आंखों में धूल या कोई बाहरी कण चला गया हो। खासकर पहले से ड्राई आई या एलर्जी की समस्या से परेशान लोगों को धुएं का असर ज्यादा महसूस हो सकता है। ऐसे में आंखों को बार-बार रगड़ने या घरेलू नुस्खे आजमाने के बजाय कुछ जरूरी सावधानियां बरतनी चाहिए।
पटाखों के जलने से निकलने वाले धुएं में गैसें और बहुत छोटे कण होते हैं। ये आंखों की बाहरी सतह को परेशान कर सकते हैं। इससे आंखों में सूखापन, चुभन, लालिमा और लगातार पानी आने की समस्या हो सकती है। अमेरिकन एकेडमी ऑफ ऑप्थैल्मोलॉजी के मुताबिक, धुएं के संपर्क में आने से आंखों में जलन और लालिमा बढ़ सकती है। पहले से ड्राई आई या एलर्जी वाले लोगों को ज्यादा परेशानी हो सकती है।
1. आंखों को रगड़ने से बचें: जलन या खुजली होने पर आंखों को हाथ से न मलें। ऐसा करने से परेशानी बढ़ सकती है।
2. साफ पानी या सलाइन से सफाई करें: अगर सिर्फ धुएं या हल्की धूल से जलन हो रही है, तो साफ पानी या स्टेराइल सलाइन से आंखें धो सकते हैं।
3. आर्टिफिशियल टियर्स का इस्तेमाल: डॉक्टर या फार्मासिस्ट की सलाह से मिलने वाले लुब्रिकेटिंग आई ड्रॉप्स आंखों के सूखेपन और जलन में राहत दे सकते हैं।
4. ठंडी सिकाई करें: साफ कपड़े को ठंडे पानी में भिगोकर बंद पलकों पर हल्के से रखें। आंखों पर दबाव न डालें।
5. धुएं से दूर रहें: कुछ समय घर के अंदर रहें, खिड़कियां बंद रखें और संभव हो तो HEPA फिल्टर वाला एयर प्यूरीफायर इस्तेमाल करें। बाहर निकलते समय चश्मा पहनना भी मददगार हो सकता है।
अगर आंखों में तेज दर्द, धुंधला दिखना, रोशनी से परेशानी, लगातार लालिमा या जलन बनी रहे, तो नेत्र विशेषज्ञ से संपर्क करें। पटाखे की चिंगारी या कोई कण सीधे आंख में लगने पर इसे मामूली जलन समझकर नजरअंदाज न करें। ऐसी स्थिति में आंख को न रगड़ें, न दबाएं और न ही फंसी हुई चीज निकालने की कोशिश करें। तुरंत मेडिकल सहायता लें।
आंखों की परेशानी में गुलाब जल, शहद या कोई घरेलू पदार्थ डालने से बचें। सही देखभाल और समय पर इलाज ही आंखों को सुरक्षित रखने का बेहतर तरीका है।
यह भी पढ़ें- सर्दियों की धूप बन सकती स्किन की दुश्मन! जानिए ठंड के मौसम में क्यों जरूरी है सनस्क्रीन का सुरक्षा कवच