_m.webp)
हेल्थ डेस्क, नई दिल्ली। छुट्टियां मनाने इजिप्ट गई एक 29 साल की ब्रिटिश महिला के साथ ऐसा मेडिकल मामला सामने आया, जिसे सुनकर कोई भी हैरान रह जाए। महिला का दावा है कि तेज पेट दर्द, उल्टी और तेज बुखार के बाद डॉक्टरों ने उसे अपेंडिसाइटिस बताया और उसका अपेंडिक्स निकाल दिया। लेकिन ब्रिटेन लौटने के बाद डॉक्टरों ने बताया कि उसकी परेशानी की असली वजह फूड पॉइजनिंग थी।
मामला ब्रिटेन के डेवोन की रहने वाली सियान इरविंग का है। वह अपने पार्टनर जैक जैक्सन के जन्मदिन के मौके पर इजिप्ट के शर्म अल-शेख में 10 दिन की छुट्टी मनाने गई थीं। करीब 2,000 पाउंड की इस ट्रिप के बीच उनकी तबीयत अचानक इतनी बिगड़ी कि छुट्टियां अस्पताल में बदल गईं।
सियान के मुताबिक, शुरुआत में उन्हें काफी गर्मी महसूस हुई और इसके बाद पेट में तेज दर्द शुरू हो गया। उन्हें लगातार उल्टियां होने लगीं और उनका तापमान करीब 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
उन्होंने बताया कि पेट का दर्द इतना ज्यादा था कि ऐसा लग रहा था जैसे अंदर से कुछ चीर रहा हो। हालत बिगड़ने के बाद उन्हें शर्म अल-शेख के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शुरुआत में डॉक्टरों को लगा कि समस्या गैस की वजह से हो सकती है। इसके बाद जांच और स्कैन किए गए। सियान का कहना है कि स्कैन में भी स्थिति साफ नहीं दिख रही थी, लेकिन बाद में डॉक्टरों ने इसे अपेंडिसाइटिस बताया।
सियान को करीब चार से पांच दिन अस्पताल में रखा गया और उनका अपेंडिक्स निकाल दिया गया। इस दौरान तेज बुखार कम करने के लिए उनके शरीर पर गीले कपड़े भी रखे जा रहे थे।
लेकिन सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि सर्जरी के बाद भी उनकी तकलीफ खत्म नहीं हुई। उनके मुताबिक, पेट दर्द, उल्टी और दूसरी परेशानियां जारी रहीं। एक समय उन्हें यह तक बताया गया कि अगर हालत में सुधार नहीं हुआ तो उनकी जान को खतरा हो सकता है। आखिरकार डॉक्टरों ने उन्हें ब्रिटेन वापस जाने की सलाह दी।
सियान और उनके पार्टनर को तय समय से करीब छह दिन बाद, 5 अक्टूबर 2025 को ब्रिटेन लौटना पड़ा। सफर के दौरान भी उनकी हालत खराब रही और वह विमान में उल्टियां करती रहीं। ब्रिटेन पहुंचते ही उन्हें एक्सेटर अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां करीब पांच रात तक उनकी जांच और इलाज चला। यहीं उन्हें पता चला कि उनका अपेंडिक्स निकालने की जरूरत शायद थी ही नहीं।
ब्रिटेन में डॉक्टरों के मुताबिक, उनकी बीमारी का कारण संभवतः फूड पॉइजनिंग था। इसके अलावा उन्हें कोलाइटिस का भी पता चला। कोलाइटिस में बड़ी आंत में सूजन हो जाती है। इसकी वजह से पेट में दर्द, बार-बार टॉयलेट जाना और पाचन से जुड़ी दूसरी परेशानियां हो सकती हैं। सियान के इलाज में उन्हें नसों के जरिए एंटीबायोटिक्स और स्टेरॉयड दिए गए।
सियान का कहना है कि उनकी हालत पहले से बेहतर हुई है, लेकिन वह अभी भी कई आम चीजें नहीं खा पातीं। उनके मुताबिक, ग्लूटेन, डेयरी और यहां तक कि चॉकलेट खाने पर भी परेशानी हो सकती है। कुछ खाने के बाद पेट इतना फूल जाता है कि उन्हें ऐसा लगता है जैसे वह गर्भवती हों।
उन्होंने बताया कि कभी-कभी टोस्ट और अंडा जैसी साधारण चीजें भी उन्हें बीमार कर देती हैं। इसके चलते उन्हें अपना पूरा खान-पान बदलना पड़ा है। इस दौरान उनका काफी वजन भी कम हुआ और वह लगातार थकान से जूझती रहीं।
सियान के लिए सबसे मुश्किल हिस्सा सिर्फ बीमारी और पेट की समस्या नहीं थी। उनका कहना है कि एक समय ऐसा भी आया जब वह अपने बच्चों को गोद तक नहीं उठा पाती थीं।अब उनकी स्थिति कुछ बेहतर है और वह पहले से ज्यादा काम कर पा रही हैं, लेकिन थकान और नींद की समस्या अभी भी बनी हुई है।
इस पूरे मामले ने उनके शरीर पर एक स्थायी निशान भी छोड़ दिया है। अपेंडिक्स निकालने की सर्जरी का निशान आज भी उनके शरीर पर है। सियान का कहना है कि घटना को करीब एक साल होने वाला है, लेकिन वह अब भी हर दिन इसके असर से जूझ रही हैं। उनके मुताबिक, सर्जरी के बाद से लगातार दर्द और अपने शरीर को लेकर आत्मविश्वास में कमी उनकी जिंदगी का हिस्सा बन गई है।
यह मामला दिखाता है कि पेट दर्द, उल्टी और बुखार जैसे लक्षण कई अलग-अलग बीमारियों में दिखाई दे सकते हैं। ऐसे मामलों में सही कारण तक पहुंचने के लिए डॉक्टरों की जांच और लगातार मेडिकल मूल्यांकन बेहद महत्वपूर्ण होता है।