
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। गरबा में कई घंटों तक लगातार नाचने वाले युवाओं में मांसपेशियों में खिंचाव के मामले बढ़ गए हैं। बीते नौ दिनों में पिंडली में खिंचाव, कमर दर्द और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं को लेकर सैकड़ों युवा अस्पताल पहुंचे हैं।
अकेले एमवायएच के फिजियोथेरेपी विभाग में बीते नौ दिनों में ही 25 से 35 वर्ष की उम्र के लगभग 140 युवक-युवतियां इलाज कराने आए हैं।
ज्यादातर युवतियां और महिलाएं मांसपेशियों की समस्याओं को लेकर आईं। इनमें पिंडली के साथ ही जांघ और कूल्हों के आसपास की मांसपेशियों में खिंचाव के मामले आए हैं।
लगातार नौ दिनों तक घंटों गरबा करने की वजह से शरीर में पानी की कमी होने से डिहाइड्रेशन की शिकायत लेकर भी लोग पहुंच रहे हैं।

नवरात्रि के नौ दिनों में एमवाय अस्पताल के फिजियोथेरेपी विभाग में लगभग 140 युवा मांसपेशियों में खिंचाव की शिकायत लेकर पहुंचे। डाॅक्टरों के अनुसार आने वाले दिनों में इस तरह के मामलों में इजाफा देखने को मिल सकता है। बता दें कि ज्यादा वजन वाले लोग जिन्होंने गरबा किया उनमें से कुछ में कमर दर्द और स्लिप डिस्क की शिकायत भी देखने को मिली है। कई दिनों तक 6-7 घंटों तक गरबा की प्रैक्टिस करने और गरबा खेलने के दौरान शरीर में लगातार पानी की कमी होने से अब डिहाइड्रेशन के मामले भी बढ़ गए हैं। ऐसे में डाॅक्टर हर आधे-आधे घंटे में लिक्विड लेने की सलाह दे रहे हैं, जिससे शरीर में पानी की पर्याप्त मात्रा बनी रहे।
स्क्रीन टाइम कम करें, अच्छी और पूरी नींद लें, हरी पत्तेदार सब्जियां-देसी घी आंखों के लिए फायदेमंद
- हल्की-फुल्की स्ट्रेचिंग करें।
- कमर दर्द से राहत के लिए पेल्विक ब्रिजिंग करें।
- धीमे-धीमे पैदल चलें। एक साथ ज्यादा न चलें।
- 7-8 घंटे की पर्याप्त नींद लें।
- शरीर पर एकदम से काम का ज्यादा बोझ न डालें।
- सूजन ज्यादा होने पर बर्फ की सिकाई करें।
- अकड़न, जकड़न होने पर गर्म पानी की सिकाई करें।
- शरीर पर एकदम से अतिरिक्त भार न डालें।
- दर्द होने पर भी जबरदस्ती एक्सरसाइज न करें।
- लंबे समय तक एक ही स्थिति में बैठने या खड़े रहने से बचें।
- बिना विशेषज्ञ की सलाह के भारी वजन उठाने या कठिन व्यायाम करने से बचें।
- दर्द और सूजन बढ़ने पर प्रभावित हिस्से पर बार-बार दबाव न डालें।
नवरात्रि के नौ दिनों में 25 से 35 वर्ष की उम्र के 140 युवक-युवतियां मांसपेशियों में खिंचाव की शिकायत लेकर आए हैं। ज्यादातर में पिंडली, जांघ और कूल्हों की मांसपेशियों में खिंचाव की शिकायत मिली है। इनमें युवतियों की संख्या ज्यादा है।
डाॅ. मनीष गोयल, फिजियोथेरेपिस्ट, एमवाय अस्पताल