
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। नवरात्र में गरबा और डांडिया की धूम के बीच पारंपरिक परिधानों के साथ आकर्षक मेकअप भी महिलाओं और युवतियों के लुक को खास बनाता है। चनिया-चोली, लहंगे और पारंपरिक आभूषणों के साथ ऐसा मेकअप पसंद किया जाता है, जो चेहरे की खूबसूरती निखारे और देर रात तक चलने वाले उत्सव में भी बरकरार रहे। इस बार मेकअप में हल्का बेस, चमकदार आंखें, रंगीन आइलाइनर और गुलाबी या न्यूड लिप शेड्स के साथ पारंपरिक अंदाज को आधुनिक स्पर्श दिया जा सकता है।
गरबा के दौरान लगातार नृत्य और पसीने के कारण हैवी मेकअप असहज हो सकता है। ऐसे में त्वचा के अनुकूल माइश्चराइजर और सनस्क्रीन का इस्तेमाल करने के बाद हल्का फाउंडेशन या टिंटेड बेस लगाया जा सकता है। कंसीलर से चेहरे के उन हिस्सों को कवर करें, जहां जरूरत हो। इसके बाद हल्का पाउडर लगाएं, ताकि बेस लंबे समय तक टिका रहे। मेकअप से पहले त्वचा को अच्छी तरह तैयार करना भी जरूरी है।
गुलाबी, पीच, मौव और न्यूड रंगों की लिपस्टिक हल्के मेकअप के साथ खूबसूरत लगती है। वहीं, लाल, मरून और बेरी शेड्स पारंपरिक परिधानों के साथ आकर्षक दिखते हैं। गालों पर हल्का ब्लश और चेहरे के उभरे हिस्सों पर थोड़ा हाइलाइटर लगाने से निखार आता है। यदि आंखों का मेकअप गहरा है, तो होंठों पर हल्का रंग चुनें। इससे पूरे लुक में संतुलन बना रहेगा।
“गरबा मेकअप में इन दिनों हल्का बेस पसंद किया जा रहा है, क्योंकि पसीने की वजह से हैवी फाउंडेशन टिक नहीं पाता। ट्रेडिशनल लुक को खास बनाने के लिए हाथों पर स्वास्तिक, ओम, त्रिशूल और गोदने जैसी कलाकृतियां बनाई जा रही हैं। नेकपीस की जगह त्वचा पर आर्टिस्टिक डिजाइन बनाने का भी चलन है। हेयर स्टाइल में खुले बालों के साथ घुंघरू का इस्तेमाल लुक को आकर्षक बना रहा है। इस तरह पारंपरिक कला और आधुनिक मेकअप का मेल गरबा लुक को नया अंदाज दे रहा है।”
- स्वाती खिलरानी, मेकअप आर्टिस्ट
नवरात्र के मेकअप में आंखों को आकर्षक बनाने के लिए गोल्डन, कापर, ब्रोन्ज और सिल्वर शिमर का इस्तेमाल किया जा सकता है। पारंपरिक परिधानों के साथ रंगीन आइलाइनर और हल्का स्मोकी आई मेकअप भी अच्छा लगेगा। आंखों को अधिक उभारने के लिए मस्कारा लगाएं। हालांकि, आंखों पर बहुत अधिक उत्पाद लगाने के बजाय परिधान और आभूषणों के अनुरूप रंगों का संतुलन रखना बेहतर रहेगा।
- रचना शेवानी, मेकअप आर्टिस्ट